मनेन्द्रगढ़। छत्तीसगढ़ की राजनीति में आमतौर पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर देखने को मिलता है लेकिन इस बार तस्वीर कुछ अलग नजर आई। प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने खुले मंच से स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल के कार्यों की सराहना कर सियासी गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है।
मनेन्द्रगढ़ प्रवास के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए डॉ. महंत ने स्पष्ट कहा कि जायसवाल अपने विभाग के लिये अपेक्षा से कहीं अधिक मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने उन्हें “हमारे क्षेत्र का नेता” बताते हुए कहा कि उनका काम खुद उनकी पहचान बना रहा है।
*विपक्ष से मिली तारीफ ने बढ़ाई सियासी हलचल*
स्व. बिसाहू दास महंत पार्क में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए महंत ने ना सिर्फ मंत्री का बचाव किया बल्कि उनकी कार्यशैली की तारीफ करते हुए कहा कि अगर कोई उनके काम से जलकर आलोचना करता है तो वह उसकी व्यक्तिगत सोच है। उन्होंने दो टूक कहा की “हम तो उनके काम की सराहना ही करेंगे।” यह बयान ऐसे समय आया है जब प्रदेश की राजनीति में अक्सर मंत्रियों के कामकाज को लेकर सवाल उठते रहते हैं। ऐसे में विपक्ष के शीर्ष नेता द्वारा की गई यह प्रशंसा कई मायनों में अहम मानी जा रही है।
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार का असर
स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने पद संभालने के बाद से ही स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिये लगातार प्रयास किये हैं। अस्पतालों के औचक निरीक्षण, विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति और दूरस्थ इलाकों तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने जैसे कदमों ने उन्हें चर्चा में बनाये रखा है।
यही वजह है कि अब उनके काम की गूंज सत्ता पक्ष से निकलकर विपक्ष तक पहुंच चुकी है।
*जनता की सेवा ही लक्ष्य*
विपक्ष की सराहना पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने विनम्रता दिखाई। उन्होंने कहा कि चरणदास महंत जैसे वरिष्ठ नेता का मार्गदर्शन उनके लिये प्रेरणा है। उन्होंने आगे कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है और वे एक सेवक के रूप में अपना दायित्व निभा रहे हैं।
छत्तीसगढ़ की राजनीति में यह घटनाक्रम एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है जहां जनहित के मुद्दों पर पक्ष और विपक्ष एकमत नजर आ रहे हैं। यह भी साफ हो गया है कि जब काम ईमानदारी से होता है तो सियासी सीमाएं भी छोटी पड़ जाती हैं।















