24 घंटे में हत्या का खुलासा: मनोज साहू हत्याकांड में मां-बेटे गिरफ्तार, डंडा भी बरामद

---Advertisement---

24 घंटे में हत्या का खुलासा: मनोज साहू हत्याकांड में मां-बेटे गिरफ्तार, डंडा भी बरामद

कोतमा। श्रमिक नगर पकरिहा में हुए मनोज साहू हत्याकांड का कोतमा पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त यूकेलिप्टस का डंडा भी बरामद कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 मार्च 2026 को डायल 112 पर रमेश साहू निवासी श्रमिक नगर पकरिहा ने सूचना दी कि उसके भाई मनोज साहू उर्फ छोटे के साथ मारपीट कर उसकी हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कोतमा रत्नाम्बर शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।

सूचनाकर्ता रमेश साहू ने पुलिस को बताया कि शिवराम चौधरी उसके भाई मनोज साहू को यूकेलिप्टस के डंडे से मार रहा था। इस दौरान शिवराम की मां रैमुन बाई भी वहां मौजूद थी और वह भी हाथ-मुक्कों तथा डंडे से मारपीट कर रही थी। गंभीर मारपीट के कारण मनोज साहू गिरकर बेहोश हो गया। उसके शरीर और गर्दन पर गंभीर चोटों के निशान थे। कुछ देर बाद उसकी सांसें थम गईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

मामले में हत्या की धारा 103(1) बीएनएस के तहत देहाती नालसी दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी रैमुन बाई को ग्राम पकरिहा से गिरफ्तार कर लिया। वहीं घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी शिवराम चौधरी को भी पुलिस ने चंद घंटों के भीतर तलाश कर पकड़ लिया। आरोपी शिवराम के कब्जे से घटना में प्रयुक्त यूकेलिप्टस का डंडा भी जब्त किया गया।

दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जिला जेल अनूपपुर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रत्नाम्बर शुक्ला के नेतृत्व में विनय सिंह, रामखेलावन यादव, दिनेश राठौर, संजीव त्रिपाठी, अभय त्रिपाठी तथा डायल 112 में तैनात नत्थूलाल चौधरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment