प्रशिक्षण से सशक्त होगा संगठन – जायसवाल
मनेन्द्रगढ़ में भाजपा के दो दिवसीय मंडल प्रशिक्षण वर्ग का भव्य शुभारंभ
मनेन्द्रगढ़। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिला एमसीबी द्वारा आयोजित “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026” के तहत दो दिवसीय मंडल प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ शनिवार को मनेन्द्रगढ़ में उत्साह और ऊर्जा के साथ हुआ। यह प्रशिक्षण वर्ग 28 और 29 मार्च 2026 को सरस्वती शिशु मंदिर कोर्ट के समीप आयोजित किया जा रहा है जिसमें जिले और मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिल रही है।
प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, नीतियों और सिद्धांतों से गहराई से जोड़ना है ताकि वे जनसेवा के प्रति और अधिक समर्पित होकर कार्य कर सकें। विभिन्न सत्रों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक दक्षता, प्रभावी जनसंपर्क, नेतृत्व कौशल और पार्टी की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने की रणनीतियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी संगठन की वास्तविक ताकत उसके प्रशिक्षित, अनुशासित और समर्पित कार्यकर्ताओं में निहित होती है। ऐसे प्रशिक्षण वर्ग ना केवल कार्यकर्ताओं के ज्ञान और कौशल को बढ़ाते हैं बल्कि उन्हें नई सोच, नई दिशा और सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष चम्पा देवी पावले सहित जिले एवं मंडल के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने तथा जनसेवा के कार्यों को गति देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं की व्यापक सहभागिता से यह स्पष्ट है कि संगठन विस्तार और भविष्य की रणनीति के दृष्टिकोण से यह प्रशिक्षण अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा।



































