एमसीबी। सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित करने के लिये भारत सरकार, परिवहन मंत्रालय द्वारा संचालित “राहवीर योजना” के तहत जिले में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस योजना के अंतर्गत घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में सहयोग करने वाले नागरिकों को 25,000 रुपयों की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है।
पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह के मार्गदर्शन में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को “राहवीर योजना” के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिये निर्देशित किया गया है।
इसी क्रम में 24 मार्च 2026 को पोड़ी स्थित मंगल भवन में सम्मान समारोह आयोजित किया गया जिसमें छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की गरिमामयी उपस्थिति में राहवीरों को उनके करकमलों से 25,000 रुपयों की प्रोत्साहन राशि के चेक प्रदान किये गये।
*इन राहवीरों को मिला सम्मान*
29 नवंबर 2025: – सड़क दुर्घटना में घायल शिवशंकर एवं बीरबल को सेमरा निवासी विनोद साहू द्वारा अपने साधन से अस्पताल पहुंचाया गया।
15 दिसंबर 2025:- हल्दीबाड़ी निवासी मोहम्मद जाकिर द्वारा घायल सीमांचल को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर मदद की गई।
28 दिसंबर 2025:- नागपुर निवासी शाहनवाज अली ने घायल अनिल को अपने वाहन से अस्पताल पहुंचाया।
02 जनवरी 2026:- महाराजपुर निवासी महेश साहू द्वारा घायल बाल सिंह को अस्पताल पहुंचाकर सहायता प्रदान की गई।
इन सभी नागरिकों ने समय पर मदद कर घायलों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जिसके लिये उन्हें सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सीएसपी चिरमिरी दीपिका मिंज, नगर निगम चिरमिरी के अध्यक्ष राम नरेश राय, पुलिस अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
पुलिस विभाग की अपील
पुलिस विभाग ने आमजन से अपील की है कि सड़क दुर्घटना के दौरान घायलों की मदद के लिये आगे आएं और “राहवीर योजना” का लाभ उठाते हुए मानवता का परिचय दें। आपकी एक मदद किसी की पूरी जिंदगी बचा सकती है।


















