तीन हाथियों का दल सोन नदी पार कर चिल्हारी पहुंचा, रातभर खेतों में फसलें चट कर ग्रामीणों में दहशत

---Advertisement---

 

कोयलांचल समाचार के लिए रिपोर्टर शशिधर अग्रवाल की रिपोर्ट

 

अनूपपुर।

जिले में पिछले कई दिनों से विचरण कर रहा तीन हाथियों का दल रविवार रात अपना रास्ता बदलते हुए खांड़ा क्षेत्र से सोन नदी पार कर चिल्हारी गांव पहुंच गया। सोमवार सुबह तीनों हाथी चिल्हारी गांव के शकरहाई देवी मढ़िया के समीप राजस्व वन क्षेत्र में विश्राम करते देखे गए। हाथियों के अचानक क्षेत्र में पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

 

जानकारी के अनुसार तीनों हाथियों ने रविवार को दिनभर खांड़ा गांव के जंगल में विश्राम किया। रात होते ही वे चुपचाप खांड़ा-पोंडी-मानपुर मार्ग होते हुए सोन नदी पार कर चचाई बस्ती मेडियारास की ओर बढ़ गए। रास्ते में हाथियों ने कई स्थानों पर खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचाया। मेडियारास क्षेत्र में अशोक पटेल और श्याममुरारी पटेल के खेतों में लगी गेहूं की फसल को कई घंटों तक खाते रहे। वहीं गांव में बिहार सोनी के घर का दरवाजा तोड़कर अंदर रखे महुआ को भी सूंड़ से निकालकर खा लिया।

 

इसके बाद तीनों हाथी रेलवे लाइन पार कर ग्राम पंचायत चिल्हारी से खम्हरिया के बकानटोला पहुंचे, जहां सोमवार सुबह दो महिलाओं ने आम के पेड़ के नीचे उन्हें आराम करते देखा। इसके बाद हाथियों का दल बकान नदी के किनारे-किनारे चलता हुआ शकरहाई देवी मढ़िया के समीप स्थित राजस्व के जंगल में पहुंच गया, जहां वे फिलहाल विश्राम कर रहे हैं। इस दौरान हाथियों ने बकान नदी में पानी भी पिया।

 

वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। हाथी गश्ती दल में अमरकंटक वन परिक्षेत्र अधिकारी वीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव, सहायक जमुना सिंह मार्को, वनपाल जगत सिंह मसराम, वन्यजीव संरक्षक शशिधर अग्रवाल, ग्राम पंचायत मेडियारास के सरपंच रतनलाल रौतेल सहित वनरक्षक, सुरक्षा श्रमिक और हाथी मित्र दल के सदस्य रातभर क्षेत्र में निगरानी करते रहे। टीम द्वारा ग्रामीणों को लगातार सतर्क रहने और हाथियों से दूर रहने की सूचना दी जा रही है।

 

रातभर हाथियों ने गश्ती दल और ग्रामीणों को कई बार चकमा दिया और सुनसान इलाकों से होते हुए खेतों में फसल खाते रहे। कई गांवों के ग्रामीण हाथियों को अपने क्षेत्र से बाहर खदेड़ने के लिए प्रयास करते दिखाई दिए। फिलहाल तीनों हाथी चिल्हारी के राजस्व वन क्षेत्र में मौजूद हैं। वन विभाग का कहना है कि हाथियों का अगला मूवमेंट रात में ही स्पष्ट हो सकेगा कि वे किस दिशा में आगे बढ़ते हैं।

 

हाथियों की लगातार गतिविधियों से क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है, वहीं वन विभाग लोगों को सतर्क रहने और अकेले जंगल या खेतों की ओर न जाने की लगातार सलाह दे रहा है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment