जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत छठ तालाब में सामूहिक श्रमदान, जल स्रोतों के संरक्षण का दिया संदेश

---Advertisement---

जमुना कोतमा

मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे जल गंगा संवर्धन अभियान 2026 के अंतर्गत विकासखंड अनूपपुर के सेक्टर क्रमांक 04 की नवांकुर संस्था नगर विकास प्रस्फुटन समिति पसान द्वारा सोमवार को जमुना कालरी स्थित छठ तालाब में सामूहिक स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं युवाओं ने सहभागिता करते हुए जल स्रोतों की सफाई कर जल संरक्षण का संदेश दिया।

 

स्वच्छता श्रमदान के दौरान तालाब में पूजा-अर्चना के बाद विसर्जित की गई सामग्रियों, मूर्ति अवशेषों, पॉलिथीन, कपड़ों सहित अन्य कचरे को निकालकर एकत्रित किया गया और उसके उचित निस्तारण की व्यवस्था की गई। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्राकृतिक जल स्रोतों जैसे नदी, तालाब, कुएं एवं पोखरों के संरक्षण के साथ-साथ स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना रहा।

 

इस अवसर पर नगर पालिका परिषद पसान के उपाध्यक्ष अजय यादव ने कहा कि “जल है तो कल है” के महत्व को समझते हुए प्रत्येक नागरिक को अपने आसपास के प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते जल स्रोतों को सुरक्षित नहीं किया गया तो भविष्य में जल संकट गंभीर रूप ले सकता है। इसलिए समाज के हर वर्ग को इस तरह के जनभागीदारी वाले अभियानों में आगे आकर योगदान देना चाहिए।

 

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के निर्देशन में जल शक्ति से नव भक्ति कार्यक्रम के अंतर्गत 19 मार्च से 27 मार्च तक प्रथम चरण में विभिन्न जल स्रोतों की साफ-सफाई, संरक्षण और जागरूकता संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और 30 जून 2026 तक विभिन्न स्थानों पर जल संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

 

इस स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम में नगर पालिका पसान के उपाध्यक्ष अजय यादव, राहुल कुशवाहा, नवांकुर संस्था पसान के प्रतिनिधि विकास कुमार, परामर्शदाता शिवानी सिंह, कृष्णा देवी, प्रस्फुटन समिति पसान, भालूमाड़ा, बरतराई और भलवाही के सदस्य, सीएमसीएलडीपी के छात्र पारस मुखर्जी, शुभम गुप्ता, हिमांशु गुप्ता, श्रीमती मालती वर्मा (सह कार्यालय मंत्री), अंजलि जायसवाल, अमीषा सिंह सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं युवा उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम के अंत में सभी ने जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment