कोतमा पुलिस का बड़ा खुलासा: म्यूल बैंक खातों से चल रहा था अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन ठगी का नेटवर्क, 7 आरोपी गिरफ्तार
कोतमा। अनूपपुर जिले की कोतमा पुलिस ने बैंक खातों (म्यूल अकाउंट) के माध्यम से संचालित अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन ठगी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में पुलिस ने कुल 165 एटीएम कार्ड, 23 सिम कार्ड, 20 पासबुक, 5 चेकबुक, 18 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और एक राउटर जब्त किए हैं। गिरोह का मुख्य सरगना दुबई में बैठकर पूरे नेटवर्क का संचालन कर रहा था, जबकि एक आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार किया गया है।
मामले की शुरुआत 27 फरवरी 2026 को हुई, जब ग्राम पडोर निवासी दीपक केवट ने थाना कोतमा में शिकायत दर्ज कराई कि कुछ लोग सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर ग्रामीणों के बैंक खाते खुलवाकर उनके एटीएम कार्ड, पासबुक और सिम अपने पास रख लेते हैं तथा खातों का दुरुपयोग कर धोखाधड़ी कर रहे हैं।
जांच के दौरान पता चला कि कोतमा निवासी बादल सोनी उर्फ जिमी अपने साथियों के साथ भोले-भाले लोगों के खाते खुलवाकर उनके एटीएम कार्ड, पासबुक और सिम कार्ड अपने कब्जे में ले लेता था। इसके बाद यह सामग्री मुंबई भेजी जाती थी, जहां आरोपी दीपक यादव उर्फ फिलिप इन्हें सक्रिय कर दुबई भेज देता था। दुबई में बैठे सरगना इन खातों का उपयोग ऑनलाइन ठगी और अवैध लेन-देन के लिए करते थे, जबकि निकासी मुंबई के एटीएम से की जाती थी।
पुलिस टीम ने मुंबई पहुंचकर दबिश दी और आरोपी दीपक यादव उर्फ फिलिप को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में एटीएम कार्ड, सिम कार्ड, पासबुक, मोबाइल फोन, डेल लैपटॉप और राउटर बरामद किए गए। पूछताछ में उसने बताया कि वह दुबई में बैठे हितेश नंदवानी उर्फ सिल्वर ओक्स, विशाल जत्यानी उर्फ विक्की, पंकज सुखनानी और नीतू नंदवानी के निर्देश पर काम करता था और प्रतिदिन लगभग 10 से 12 लाख रुपये की निकासी कर नेटवर्क तक पहुंचाता था।
पुलिस के अनुसार गिरोह के मुख्य आरोपी फिलहाल दुबई में हैं। उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। साथ ही मामले में बैंक कर्मचारियों और अन्य संभावित सहयोगियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
यह पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी कोतमा निरीक्षक रत्नाम्बर शुक्ल के नेतृत्व में की गई, जिसमें पुलिस और साइबर सेल की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई








