सनातन संस्कृति के साथ विरासत से विकास की ओर चलने वाली हमारी प्रथम सरकार- राज्य मंत्री श्री दिलीप जायसवाल 

---Advertisement---

हमारे भारत के गौरवपूर्ण इतिहास पर पूरी दुनिया करती है गर्व- राज मंत्री श्री दिलीप जायसवालविक्रमोत्सव कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य हिंदू रीति, रिवाज एवं सामाजिक चेतना को जागृत करना है-कलेक्टर

विक्रमोत्सव-2026 “कोटि सूर्योपासना”‌ कार्यक्रम का हुआ आयोजन

राज्यमंत्री ने की ब्रह्म ध्वज की स्थापना, नवसंवत्सर पर्व पर सभी के लिए की मंगलकामना

अनूपपुर 19 मार्च 2026- मध्य प्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिलीप जायसवाल ने कहा है कि हमारी सरकार मध्य प्रदेश के इतिहास में ऐसी पहली सरकार है जो सनातन संस्कृति के साथ विरासत से विकास की ओर चलने वाली सरकार है। उन्होंने कहा कि हमारे भारत के गौरवपूर्ण इतिहास पर पूरी दुनिया गर्व करती है। राज्य मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विकास के साथ-साथ तीज त्यौहार एवं पर्व मनाने का निर्णय लिया है। आज भारत का नव वर्ष अर्थात विक्रम संवत‌ है, आज के दिन को हम भारतीय संस्कृत में नव वर्ष के रूप में मनाते हैं, विक्रम संवत की शुरुआत अवंती के सुप्रसिद्ध सम्राट विक्रमादित्य द्वारा किया गया था, आज का दिन हिंदू नव वर्ष में अत्यंत महत्वपूर्ण एवं उल्लेखनीय दिन है। राज्य मंत्री श्री दिलीप जायसवाल आज अनूपपुर जिले के एकलव्य आवासीय विद्यालय अनूपपुर के ऑडिटोरियम में आयोजित विक्रमोत्सव-2026 “कोटि सूर्योपासना”‌ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

राज्य मंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने सभी नागरिकों को चैत्र नवरात्रि, गुड़ी पड़वा एवं हिंदू नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि भारत का विक्रम पंचांग वैज्ञानिक पद्धति पर आधारित है और इसे देश का सर्वोत्तम कैलेंडर माना जाता है। इस पंचांग के माध्यम से समय, नक्षत्र, ग्रहों की स्थिति, पूर्णिमा, अमावस्या, सूर्य ग्रहण सहित विभिन्न खगोलीय जानकारियाँ प्राप्त होती हैं। उन्होंने कहा कि हिंदू नववर्ष के आगमन के साथ प्रकृति में भी सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिलता है, जो नए उत्साह और ऊर्जा का संचार करता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार द्वारा संस्कृति विभाग के माध्यम से हिंदू नववर्ष के अवसर पर पारंपरिक त्योहारों एवं रीति-रिवाजों को प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे समाज में नई चेतना का संचार हो सके। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश में सभी त्योहार हिंदू परंपराओं और विधि-विधान के अनुसार आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि शासकीय कैलेंडर के अनुसार 1 अप्रैल से 31 मार्च तक वित्तीय वर्ष निर्धारित होता है, जिसके अंतर्गत सभी सरकारी कार्य संपादित किए जाते हैं। कलेक्टर श्री पंचोली ने नए वर्ष के अवसर पर सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे नई ऊर्जा और उत्साह के साथ कार्य करते हुए नए कीर्तिमान स्थापित करें। साथ ही उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे अपनी क्षमताओं को पहचानें, अपने करियर के प्रति सजग रहें और अपने लक्ष्यों को स्पष्ट रूप से निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करें।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य मंत्री श्री दिलीप जायसवाल एवं कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने ब्रह्म ध्वज का वंदन एवं मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। कार्यक्रम में अमरवाणी नाट्य समिति रीवा द्वारा “सम्राट विक्रमादित्य” की नाट्य प्रस्तुति का मंचन किया गया। इसी प्रकार एकलव्य आवासीय विद्यालय अनूपपुर के छात्रों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं नृत्य की प्रस्तुति दी गई, प्रस्तुति ने लोगों को मंत्रमुग्ध किया। यह कार्यक्रम महाराजा विक्रमादित्य शोध पीठ संस्कृति विभाग मध्य प्रदेश शासन, मध्य प्रदेश नाट्य विद्यालय भोपाल एवं जिला प्रशासन अनूपपुर के सहयोग से आयोजित हुआ।

कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री दिलीप कुमार पांडेय, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर श्री कमलेश पूरी, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्राशि अग्रवाल, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग सुश्री सरिता नायक, विंध्य विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष श्री रामदास पूरी, श्री राजेन्द्र तिवारी, जिला समन्वयक जन अभियान परिषद श्री उमेश पाण्डेय सहित जिले के अन्य जनप्रतिनिधि, पत्रकारगण एवं जिले के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी, छात्र-छात्राएं उपस्थित रहें।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment