संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक – मां नर्मदा जी की उद्गम स्थली/पवित्र नगरी अमरकंटक स्थित नगर परिषद कार्यालय में गत 14 मार्च 2026 दिन शनिवार को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया था । इस अवसर पर नगर परिषद कार्यालय में आयोजित लोक अदालत में नगर के गणमान्य नागरिकों की अच्छी भागीदारी और उत्साह देखने को मिला ।
नेशनल लोक अदालत में नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपने विभिन्न प्रकार के बकाया करों का भुगतान किया । इस दौरान शॉपिंग सेंटर की दुकानों का किराया , पेयजल कर , सामुदायिक भवन की किस्त किराया राशि , समाकेतिक कर तथा संपत्ति कर आदि मदों में बकाया राशि जमा कर रसीद प्राप्त की गई साथ ही लोक अदालत के अंतर्गत मिलने वाली छूट का भी नागरिकों ने भरपूर लाभ उठाया ।
नगर परिषद से प्राप्त जानकारी के अनुसार नेशनल लोक अदालत के दौरान नगर परिषद के पांच प्रमुख मदों में बकाया कर की वसूली की गई । इस आयोजन में कुल 2 लाख 5 हजार 215 रुपये की राशि नगर परिषद के खाते में जमा हुई जिससे नगर परिषद को राजस्व प्राप्त हुआ और नागरिकों को भी राहत मिली ।
नगर परिषद अमरकंटक में आयोजित इस नेशनल लोक अदालत को सफल बनाने में मुख्य नगर पालिका अधिकारी चैन सिंह परस्ते के मार्गदर्शन में गणेश पाठक , मनीष विश्वकर्मा , गणेश यादव , हर नारायण पांडेय , ए. मानसिंह , दुर्गेश यादव , मेघा सिंह तथा राम मोंगरे सहित नगर परिषद के कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा । इनके उल्लेखनीय प्रयासों से लोक अदालत में करदाताओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली और आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ ।
इस दौरान नागरिकों में कर भुगतान को लेकर जागरूकता और उत्साह का वातावरण भी देखने को मिला । नगर परिषद प्रशासन ने भी नागरिकों से समय-समय पर कर जमा कर नगर के विकास में सहयोग करने की अपील की ।




































































