वेंकटनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध रेत परिवहन करते दो ट्रैक्टर जब्त, चालक फरार गुजर नाला से चोरी से उत्खनन कर लाई जा रही थी रेत, करीब 10 लाख रुपए के वाहन व खनिज जप्त

---Advertisement---

 

अनूपपुर। जिले के जैतहरी थाना अंतर्गत चौकी वेंकटनगर पुलिस ने अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित लगभग 6 घन मीटर रेत जप्त की है। पुलिस ने करीब 10 लाख 6 हजार रुपये कीमत के दोनों वाहनों को जब्त कर अज्ञात ट्रैक्टर चालकों व वाहन मालिकों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है।

 

जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक मोती उर्रहमान के निर्देशन में जिले में अवैध खनन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम और एसडीओपी नवीन तिवारी के मार्गदर्शन में थाना जैतहरी पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई।

 

चौकी प्रभारी वेंकटनगर उप निरीक्षक प्रवीण कुमार साहू को 17 मार्च की रात मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम खालबहरा के आगे छत्तीसगढ़ सीमा के पास गुजर नाला से अवैध रूप से रेत निकालकर दो नीले रंग के ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर ग्राम मुंडा की ओर बिक्री के लिए लाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की।

 

इस दौरान खालबहरा की ओर से आते दो ट्रैक्टर पुलिस को देखकर मुंडा के साप्ताहिक बाजार स्थल के पास सड़क से नीचे उतार दिए गए और चालक अंधेरे का फायदा उठाकर झाड़ियों के रास्ते भाग निकले। पुलिस ने उनका पीछा किया, लेकिन अंधेरा होने के कारण वे पकड़े नहीं जा सके।

 

जांच के दौरान एक बिना नंबर का नीले रंग का स्वराज ट्रैक्टर मिला, जिसकी ट्रॉली में करीब 3 घन मीटर रेत लोड थी। दूसरे स्वराज ट्रैक्टर क्रमांक MP65JC7738 और ट्रॉली क्रमांक CG10Q5741 में भी करीब 3 घन मीटर अवैध रेत भरी पाई गई। दोनों वाहनों में कुल लगभग 6 घन मीटर रेत लदी हुई थी।

 

पुलिस ने दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली और रेत को गवाहों के समक्ष जप्त कर लिया। जब्त वाहन व खनिज की कुल कीमत लगभग 10 लाख 6 हजार रुपये आंकी गई है। मामले में अज्ञात ट्रैक्टर चालकों और वाहन मालिकों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 305(ई), 317(5) तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 4/21 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

कार्रवाई में पुलिस टीम के सदस्य सुजीत सिंह और विजय टाटू की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment