साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) की मेजबानी में ‘सीमेकॉन 2026’ का शुभारंभ “हेल्दी माइन्स” थीम के साथ प्री-कॉन्फ्रेंस वर्कशॉप व वैज्ञानिक सत्र प्रारंभ

---Advertisement---

 

 

बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) की मेजबानी में आयोजित कोल इंडिया मेडिकल कॉन्फ्रेंस ‘सीमेकॉन 2026’ के अंतर्गत प्री-कॉन्फ्रेंस वर्कशॉप एवं वैज्ञानिक सत्र का विधिवत शुभारंभ निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास द्वारा किया गया।

 

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि “हेल्दी माइन्स” केवल एक थीम नहीं, बल्कि भविष्य की चुनौतियों का सामना करने की सामूहिक तैयारी का संकल्प है। खदान क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों की नियमित स्वास्थ्य जांच, समयबद्ध निदान एवं उन्नत चिकित्सा पद्धतियों के प्रभावी उपयोग पर बल दिया गया। साथ ही चिकित्सा क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एवं रोबोटिक्स जैसी आधुनिक तकनीकों की बढ़ती भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया।

 

कार्यक्रम में चिकित्सा सेवा प्रमुख डॉ. श्रुतिदेव मिश्रा, डॉ. कल्याण सरकार, डॉ. अरिहंत जैन सहित विभिन्न अनुषंगी कंपनियों एवं देश के प्रतिष्ठित अस्पतालों से आए चिकित्सक उपस्थित रहे।

 

प्रथम वैज्ञानिक सत्र में ऑक्यूपेशनल हेल्थ पर केंद्रित कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें स्पाइरोमेट्री, चेस्ट एक्स-रे, ILO रेडियोग्राफ्स, न्यूमोकोनियोसिस, IME एवं PME जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। खदान क्षेत्रों में प्रचलित श्वसन संबंधी रोगों की पहचान, रोकथाम एवं प्रभावी प्रबंधन पर विशेष जोर दिया गया।

 

द्वितीय वैज्ञानिक सत्र में इस्केमिक हृदय रोग में ईसीजी की भूमिका पर कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें हृदय रोगों के शीघ्र निदान एवं उपचार की महत्ता पर प्रकाश डाला गया। व्यावहारिक उदाहरणों एवं केस-आधारित चर्चा के माध्यम से चिकित्सकों को उपयोगी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

 

दोपहर बाद आयोजित डीएनबी सत्र में युवा चिकित्सकों द्वारा जटिल चिकित्सीय विषयों पर केस प्रस्तुतियां दी गईं, जिनका मूल्यांकन निर्णायक मंडल द्वारा किया गया।

 

सम्मेलन में कोल इंडिया एवं उसकी सहायक कंपनियों सहित विभिन्न प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों के 250 से अधिक चिकित्सक भाग ले रहे हैं। ज्ञानवर्धक चर्चाओं एवं सार्थक विमर्श के साथ सम्मेलन का प्रथम दिन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसने आगामी सत्रों के लिए सशक्त आधार तैयार किया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

Leave a Comment