बैकुंठपुर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित 10वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में नगर के मेधावी छात्र स्वास्तिक सोनी ने 94.4 प्रतिशत अंक हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उनकी इस उपलब्धि से ना केवल परिवार बल्कि विद्यालय और पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
स्वास्तिक सोनी केंद्रीय विद्यालय बैकुंठपुर के छात्र हैं। परिणाम घोषित होते ही उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। वे संजय प्रसाद सोनी और श्रीमती संध्या सोनी के सुपुत्र हैं। इस सफलता पर उनके दादा घनश्याम प्रसाद सोनी ने भी गर्व व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय के शिक्षकों के अनुसार स्वास्तिक शुरू से ही अनुशासित, मेहनती और पढ़ाई के प्रति गंभीर रहे हैं। उनकी यही लगन और निरंतर अभ्यास उन्हें इस मुकाम तक लेकर आया है। स्वास्तिक अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के सहयोग, शिक्षकों के मार्गदर्शन और नियमित अध्ययन को देते हैं। उनका कहना है कि सही समय प्रबंधन और लगातार अभ्यास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उनकी इस शानदार उपलब्धि ने क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिये प्रेरणा का काम किया है और यह संदेश दिया है कि समर्पण और मेहनत से सफलता निश्चित है।


















































