ओबीसी कोल एम्प्लाइज डेवलपमेंट एसोसिएशन के राष्ट्रीय पदाधिकारियों का 27 से 30 जुलाई तक एसईसीएल दौरा
कोरबा, रायगढ़, गेवरा और दीपका क्षेत्रों का करेंगे निरीक्षण, कार्यालयों का उद्घाटन व कर्मचारियों से करेंगे संवाद
बिलासपुर। बैकवर्ड क्लास (ओबीसी) कोल एम्प्लाइज डेवलपमेंट एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुलाब सिंह एवं राष्ट्रीय महासचिव जय बहादुर सिंह यादव सहित संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों का 27 से 30 जुलाई तक एसईसीएल के विभिन्न क्षेत्रों का चार दिवसीय दौरा प्रस्तावित है। इस संबंध में संगठन के महासचिव (के) मंगल सिंह यादव ने एसईसीएल महाप्रबंधक (एचआर) को पत्र भेजकर कार्यक्रम की जानकारी दी है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार 27 जुलाई को दोपहर 2 बजे प्रतिनिधिमंडल कोरबा क्षेत्र पहुंचेगा, जहां केंद्रीय कार्यशाला का निरीक्षण किया जाएगा। 28 जुलाई को रायगढ़ क्षेत्र में निरीक्षण के साथ कार्यालय का उद्घाटन होगा, जबकि शाम को प्रतिनिधिमंडल गेवरा क्षेत्र पहुंचेगा।
29 जुलाई को गेवरा क्षेत्र का निरीक्षण, कार्यालय उद्घाटन एवं कर्मचारियों से संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके बाद दीपका क्षेत्र का निरीक्षण तथा कार्यालय का उद्घाटन किया जाएगा। 30 जुलाई को प्रतिनिधिमंडल एसईसीएल मुख्यालय, बिलासपुर के लिए प्रस्थान करेगा।
एसोसिएशन ने एसईसीएल प्रबंधन से अनुरोध किया है कि पूर्व की भांति सभी निर्धारित स्थानों पर आवास, भोजन एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि राष्ट्रीय पदाधिकारियों का दौरा एवं कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
















