एमसीबी। जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं को नई दिशा देने और युवा खिलाड़ियों को पेशेवर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कार्यालय कलेक्टर (खेल एवं युवा कल्याण) जिला एमसीबी द्वारा 14 मई से 3 जून 2026 तक स्थानीय स्वामी आत्मानंद स्कूल ग्राउंड में भव्य क्रिकेट समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष प्रशिक्षण शिविर जिले के बालक एवं बालिकाओं के लिये पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाएं समान रूप से इसका लाभ उठा सकें।
“सीखें क्रिकेट… बनें चैंपियन” थीम पर आधारित इस समर कैंप में प्रतिभागियों को क्रिकेट की बुनियादी तकनीकों से लेकर उन्नत कौशल तक का प्रशिक्षण दिया जायेगा। अनुभवी और प्रशिक्षित कोचों की देखरेख में खिलाड़ियों को बल्लेबाजी, गेंदबाजी, फील्डिंग, फिटनेस, रणनीति और मैच प्रबंधन की बारीकियां सिखाई जायेंगी साथ ही अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और खेल भावना विकसित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जायेगा। कैंप के दौरान नियमित फिटनेस सत्र, स्किल डेवलपमेंट मॉड्यूल और मैच प्रैक्टिस भी आयोजित की जायेगी जिससे प्रतिभागियों को वास्तविक प्रतिस्पर्धी माहौल का अनुभव मिल सके। इससे युवा खिलाड़ी भविष्य में जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिये बेहतर तैयारी कर सकेंगे।
यह शिविर 10 वर्ष से 18 वर्ष तक के बालक और बालिकाओं के लिये खुला रहेगा। कैंप में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क है लेकिन पंजीयन अनिवार्य रखा गया है। प्रशासन ने जिले के अधिक से अधिक युवाओं, अभिभावकों और खेल प्रेमियों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है ताकि क्षेत्र की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को उचित मंच और मार्गदर्शन मिल सके।
कैंप से संबंधित विस्तृत जानकारी और पंजीयन के लिये इच्छुक प्रतिभागी और अभिभावक मोबाइल नंबर 9329503121 पर संपर्क कर सकते हैं अथवा कार्यालय खेल एवं युवा कल्याण जिला एमसीबी में सीधे पहुंचकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। यह क्रिकेट समर कैंप ना केवल बच्चों के लिये ग्रीष्मावकाश का बेहतर उपयोग साबित होगा बल्कि जिले में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल भी माना जा रहा है।






































