शहीद दिवस पर दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
युवाओं ने लिया राष्ट्र सेवा का संकल्प
मनेन्द्रगढ़। शहीद दिवस के पावन अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) द्वारा हसदेव मंडल अंतर्गत खोंगापानी नगर पंचायत में श्रद्धांजलि सभा का भावपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहीदों के बलिदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित किये गये और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर भाजयुमो के मंडल अध्यक्ष सहित उनकी पूरी टीम, युवा मोर्चा के जिला पदाधिकारी, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभा का माहौल देशभक्ति और भावनाओं से ओत-प्रोत रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजयुमो जिलाध्यक्ष अंकित शर्मा ने कहा कि जब भी हम अमर शहीदों को याद करते हैं। मन गर्व से भर उठता है और आंखें नम हो जाती हैं। उन्होंने कहा कि इन वीर सपूतों ने अपना आज हमारे सुरक्षित कल के लिये न्यौछावर कर दिया। उनका बलिदान केवल इतिहास के पन्नों तक सीमित नहीं है बल्कि वह हर भारतीय की सांसों में जीवित है। शत-शत नमन उन अमर वीरों को जिनकी वजह से हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि शहीदों का यह बलिदान हम सभी पर एक ऐसा ऋण है जिसे कभी चुकाया नहीं जा सकता लेकिन उनके दिखाए मार्ग पर चलकर हम राष्ट्र सेवा को सर्वोपरि रख सकते हैं। इसी संकल्प के साथ सभी उपस्थित जनों ने शहीदों को नमन किया।
सभा के अंत में सभी ने एक स्वर में वंदे मातरम् और भारत माता की जय के जयघोष के साथ कार्यक्रम का समापन किया।















































