- नशे की लत छोड़ने के लिए मिलेगी परामर्श सुविधा
अनूपपुर 14 नवम्बर 2026/ युवाओं एवं आमजन को तंबाकू और नशीले पदार्थों के सेवन से बचाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फुनगा में तंबाकू व्यसन मुक्ति केंद्र स्थापित किया गया है।
बीएमओ डॉ. धनीराम सिंह के मार्गदर्शन एवं जिला नोडल अधिकारी, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम डॉ. अंजली सिंह के सहयोग से स्थापित इस केंद्र के माध्यम से तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से प्रभावित व्यक्तियों को उचित परामर्श, मार्गदर्शन एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
केंद्र का उद्देश्य तंबाकू एवं निकोटिन की लत से जूझ रहे लोगों को इससे छुटकारा पाने में सहयोग प्रदान करना तथा उन्हें नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। इसके साथ ही तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों एवं गंभीर बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक भी किया जाएगा।
इस केंद्र की स्थापना से फुनगा एवं आसपास के क्षेत्र के नागरिकों को स्वास्थ्य संस्थान स्तर पर ही व्यसन मुक्ति संबंधी परामर्श एवं सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। यह पहल तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के उद्देश्यों को धरातल पर साकार करने के साथ ही स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।





























