पश्चिम बंगाल सीएसआर राउंडटेबल में ईसीएल ने तीन सीएसआर परियोजनाओं के लिए LoI पर किए हस्ताक्षर
आसनसोल, 1 अक्टूबर 2026 ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) ने पश्चिम बंगाल सरकार के वित्त विभाग द्वारा कोलकाता में आयोजित सीएसआर राउंडटेबल 2026 के दौरान पश्चिम बर्दवान जिले में तीन सीएसआर परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए Letter of Intent (LoI) पर हस्ताक्षर किए
राउंडटेबल में श्री गुंजन कुमार सिन्हा, निदेशक (कार्मिक), ईसीएल ने कंपनी की ओर से उक्त परियोजनाओं से संबंधित LoI प्रस्तुत किए। कल आयोजित इस कार्यक्रम की थीम “Building a Viksit Bengal for Collective Social Impact” थी। कार्यक्रम में राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों, केंद्र एवं राज्य सार्वजनिक उपक्रमों, निजी क्षेत्र की संस्थाओं तथा सीएसआर प्रतिनिधियों ने भाग लिया और विकास की प्राथमिकताओं तथा सामूहिक प्रयासों के माध्यम से सामाजिक प्रभाव को बढ़ाने के लिए सहयोगात्मक हस्तक्षेपों की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया।
इस अवसर पर डॉ. स्वपन दासगुप्ता, माननीय प्रभारी मंत्री, वित्त विभाग, पश्चिम बंगाल सरकार सहित राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
ईसीएल द्वारा प्रस्तावित तीन सीएसआर परियोजनाएं स्वास्थ्य, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर केंद्रित हैं। इनमें टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत Ni-kshay Mitra पहल के तहत पश्चिम बर्दवान जिले के टीबी मरीजों को पोषण संबंधी सहायता प्रदान करना; ईसीएल के खनन क्षेत्रों के आसपास स्थित आंगनवाड़ी केंद्रों का जीर्णोद्धार; तथा ईसीएल के एक परिचालन क्षेत्र में जल निकाय के पुनर्जीवन की परियोजना शामिल है
राउंडटेबल के दौरान ईसीएल की Ni-kshay Mitra पहल का विशेष उल्लेख किया गया। श्री नारायण स्वरूप निगम, प्रधान सचिव, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, पश्चिम बंगाल सरकार ने पश्चिम बर्दवान जिले में टीबी मरीजों को पोषण संबंधी सहायता उपलब्ध कराने तथा निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से डायग्नोस्टिक उपकरण उपलब्ध कराने की ईसीएल की पहल की सराहना की
ईसीएल की ये सीएसआर पहलें स्थानीय विकास की प्राथमिकताओं तथा अपने परिचालन क्षेत्रों के आसपास रहने वाले समुदायों की आवश्यकताओं के अनुरूप हैं। सीएसआर के माध्यम से ईसीएल सामुदायिक कल्याण, सतत विकास और साझा मूल्य के सृजन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को निरंतर सुदृढ़ कर रहा है
कंपनी अपने कमांड क्षेत्रों में समुदायों के समावेशी एवं सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न सामाजिक एवं विकासात्मक पहलों को निरंतर आगे बढ़ा रही है







































































