लापता महिला दो बेटियों सहित सकुशल दस्तयाब, पुलिस की तत्परता से परिवार ने ली राहत की सांस
वेंकटनगर पुलिस ने तकनीकी जानकारी और स्थानीय स्तर पर तलाश कर तीनों को खोज निकाला
जैतहरी। वेंकटनगर चौकी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घर से लापता हुई 35 वर्षीय महिला और उसकी 6 एवं 8 वर्षीय दो बेटियों को सकुशल दस्तयाब कर लिया। तीनों के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली। पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, वेंकटनगर निवासी एक व्यक्ति ने 1 अक्टूबर को चौकी वेंकटनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 35 वर्षीय पत्नी 30 सितंबर को अपनी दोनों बेटियों के साथ घर से अचानक लापता हो गई है। परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों के साथ रिश्तेदारों के यहां भी उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना जैतहरी में अपराध क्रमांक 340/26, धारा 140(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब के निर्देशन में लापता महिला और दोनों बच्चियों की तलाश के लिए पुलिस टीम को सक्रिय किया गया। पुलिस ने तकनीकी जानकारी जुटाने के साथ स्थानीय स्तर पर भी लगातार पतासाजी की।
लगातार प्रयासों के बाद वेंकटनगर पुलिस टीम ने महिला और दोनों बच्चियों को सकुशल दस्तयाब कर लिया। पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। महिला एवं बच्चियों के सुरक्षित मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस का आभार जताया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जैतहरी गोकुलानंद पाण्डेय के नेतृत्व में चौकी प्रभारी वेंकटनगर प्रवीण कुमार साहू, लेखनवती, बलराम सिंह पैकरा और सोनू परते की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







































































