मां की आराधना के साथ मानव सेवा ही नवरात्रि का सच्चा संदेश – महंत ओम नारायण द्विवेदी
मनेन्द्रगढ़ के देवी मंदिरों में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़, महाआरती और भंडारों के जरिये भक्ति के साथ सेवा सद्भाव का वातावरण
मनेन्द्रगढ़। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर मनेन्द्रगढ़ नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में भक्ति और आस्था की बयार बह रही है। प्रमुख देवी मंदिरों में सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है। मां दुर्गा के विशेष श्रृंगार, विधिवत पूजा अर्चना और महाआरती में भक्त बड़ी संख्या में शामिल होकर सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं वहीं विभिन्न स्थानों पर आयोजित भंडारों और प्रसाद वितरण के माध्यम से सेवा और परोपकार का संदेश भी दिया जा रहा है।
श्री राम मंदिर के महंत पंडित ओम नारायण द्विवेदी ने नवरात्रि के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मां की आराधना के साथ मानव सेवा और परोपकार करना ही नवरात्रि का सच्चा संदेश है। उन्होंने कहा कि नवरात्रि केवल पूजा पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित पर्व नहीं है बल्कि यह आत्मशुद्धि, सकारात्मकता, संयम और सद्कर्मों को अपनाने का अवसर भी है। मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना हमें शक्ति, साहस और अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देती है। महंत द्विवेदी ने कहा कि धार्मिक आयोजनों की सार्थकता तब और बढ़ जाती है जब उनसे समाज में प्रेम, सहयोग और भाईचारे की भावना मजबूत हो। जरूरतमंदों की सहायता करना, दुखियों के साथ खड़ा होना और दूसरों के सुख दुःख में सहभागी बनना भी मां की सच्ची आराधना का हिस्सा है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे नवरात्रि को पूरी श्रद्धा और भक्तिभाव से मनाने के साथ अपने व्यवहार और कर्मों में भी सकारात्मक बदलाव लाएं।
शीतला माता की मढ़िया में उमड़ रहे श्रद्धालु
जिला मुख्यालय स्थित श्री शीतला माता की मढ़िया में नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन विशेष श्रृंगार और महाआरती की जा रही है। शाम को आरती के समय मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से भर जाता है। मां के जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठता है। श्रद्धालु विधिवत पूजा अर्चना कर परिवार की सुख शांति और समृद्धि की कामना कर रहे हैं। इसी तरह आमाखेरवा रोड स्थित श्री दुर्गा धाम में भी नवरात्रि के अवसर पर विशेष धार्मिक आयोजन हो रहे हैं। मां का आकर्षक श्रृंगार, नियमित पूजा अर्चना और महाआरती भक्तों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। नई लेदरी के छोटे सिद्ध बाबा धाम परिसर स्थित मां दुर्गा मंदिर में भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचकर माता का आशीर्वाद ले रहे हैं।
भंडारों के माध्यम से सेवा और समर्पण
नवरात्रि के अवसर पर मनेन्द्रगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न स्थानों पर भंडारों का आयोजन किया जा रहा है। श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को प्रसाद एवं भोजन वितरित किया जा रहा है। इन आयोजनों के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सहयोग और परस्पर सद्भाव की भावना भी मजबूत हो रही है
महंत ओम नारायण द्विवेदी के संदेश के अनुरूप नवरात्रि का पर्व लोगों को यह प्रेरणा देता है कि ईश्वर की भक्ति के साथ मानवता की सेवा को भी जीवन का अभिन्न अंग बनाया जाये। मां दुर्गा की आराधना, मंदिरों में महाआरती और सेवा कार्यों से मनेन्द्रगढ़ का वातावरण इन दिनों पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है






































































