कोरिया क्रिकेट टीम का दमदार आगाज़ चांपा को पारी से हराकर भेजा संदेश

---Advertisement---

 

कोरिया। अंडर-16 प्लेट ग्रुप इंटर डिस्ट्रिक्ट मल्टी डे टूर्नामेंट में कोरिया जिले की टीम ने ऐसा खेल दिखाया कि पहले ही मैच में अपनी ताकत का अहसास करा दिया। चांपा के खिलाफ खेले गए मुकाबले में कोरिया ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए एक पारी और 42 रन से जीत दर्ज की और बोनस अंक सहित 7 अंक अपने खाते में जोड़ लिये।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला कोरिया के लिये मास्टरस्ट्रोक साबित हुआ। चांपा की बल्लेबाजी को शुरू से ही दबाव में रखते हुए कोरिया के गेंदबाजों ने पूरी टीम को महज 101 रन पर समेट दिया। स्वाभिमान यादव ने घातक गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट झटके जबकि कुश चावड़ा और अथर्व सिंह ने उनका बेहतरीन साथ निभाया।

इसके बाद बल्लेबाजी में भी कोरिया ने संतुलन और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया। कुश चावड़ा 48 वीर मेघानी 37 और अथर्व सिंह 34 रन की पारियों ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। निचले क्रम के बल्लेबाजों ने भी जिम्मेदारी निभाई और टीम को 202 रन तक पहुंचाकर 101 रन की अहम बढ़त दिलाई।

दूसरी पारी में चांपा की टीम पूरी तरह दबाव में नजर आई। कोरिया के गेंदबाजों ने एक बार फिर कहर बरपाया और पूरी टीम को सिर्फ 59 रन पर ढेर कर दिया। अथर्व सिंह ने 6 विकेट लेकर मैच पर पूरी तरह कब्जा जमा लिया जबकि स्वाभिमान यादव ने 4 विकेट लेकर जीत की मुहर लगा दी। इस शानदार जीत के साथ कोरिया ने टूर्नामेंट में अपने इरादे साफ कर दिये हैं। अब टीम की नजर 14-15 अप्रैल को बस्तर के खिलाफ होने वाले अगले मुकाबले पर टिकी है जहां वह अपनी जीत की लय को बरकरार रखना चाहेगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment