कल्याणिका विद्यालय की राखी मेकिंग प्रतियोगिता में अनन्या,मनस्वी ने पाया प्रथम स्थान
संवाददाता / श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक / मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक स्थित कल्याणिका केंद्रीय शिक्षा निकेतन विद्यालय में रक्षा बंधन पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित राखी मेकिंग प्रतियोगिता उत्साह और रचनात्मकता के साथ संपन्न हुई । प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी कला एवं सृजनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए आकर्षक एवं मनमोहक राखियों का निर्माण किया ।
प्रतियोगिता में कुमारी अनन्या पांडेय और मनस्वी तिवारी ने अपनी सुंदर , आकर्षक और कलात्मक राखी के माध्यम से निर्णायकों को प्रभावित करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया । उनकी रचनात्मक सोच और उत्कृष्ट प्रस्तुति की विद्यालय परिवार द्वारा सराहना की गई ।
विद्यालय द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में सृजनात्मकता का विकास करना , भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा रक्षा बंधन जैसे पावन पर्व के महत्व को समझाना था ।
प्रतियोगिता में विभिन्न कक्षाओं की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी कलात्मक प्रतिभा का परिचय दिया ।
प्रतियोगिता के परिणाम घोषित होने पर विद्यालय के प्राचार्य कुमारी मनस्वी तिवारी एवं उपप्राचार्य श्रीराम त्रिपाठी ने कुमारी अनन्या को एक साथ प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं । उन्होंने कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान करती हैं ।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण , छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों ने दोनों बच्चियों को इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं । विद्यालय परिसर में इस सफलता को लेकर हर्ष और उत्साह का माहौल देखने को मिला ।

































































