- निवारक सतर्कता अभियान के तहत अधिकारियों को सार्वजनिक खरीद प्रक्रिया, पारदर्शिता एवं नियामकीय प्रावधानों की दी गई जानकारी
केंद्रीय सतर्कता आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित तीन माह के निवारक सतर्कता अभियान (17 अगस्त से 16 नवंबर 2026) के अंतर्गत आज कल्याण भवन (एचआरडी) बीसीसीएल में ‘पब्लिक प्रोक्योरमेंट’ विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कोयला भवन मुख्यालय एवं विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत अधिकारियों ने भाग लिया। रिसोर्स पर्सन के रूप में कोयला भवन मुख्यालय से श्री विक्की आनंद, उप प्रबंधक (खनन/सामग्री प्रबंधन) उपस्थित रहे।
श्री आनंद ने प्रतिभागियों को सार्वजनिक खरीद प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने सार्वजनिक क्षेत्र में खरीद प्रक्रिया के नियामकीय एवं प्रशासनिक ढाँचे, खरीद की विभिन्न श्रेणियों तथा कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) में उपयोग किए जाने वाले प्रमुख डिजिटल पोर्टलों की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। साथ ही निविदा प्रक्रिया के विभिन्न चरणों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस दौरान प्रतिभागियों को सार्वजनिक खरीद में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए अपनाए जाने वाले उपायों, इंटीग्रिटी पैक्ट तथा खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता के बारे में अवगत कराया गया। इसके अतिरिक्त, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को प्रोत्साहन देने तथा ‘मेक इन इंडिया’ के अंतर्गत निर्धारित प्रावधानों एवं सामाजिक-आर्थिक उद्देश्यों के अनुरूप खरीद प्रक्रिया के संचालन पर भी जानकारी साझा की गई।
इसके अतिरिक्त विभिन्न संवादात्मक सत्रों के दौरान प्रतिभागियों को सार्वजनिक खरीद में सरकारी नियमों एवं दिशा-निर्देशों के अनुपालन, दस्तावेजों के उचित संधारण, गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) पोर्टल के माध्यम से खरीद प्रक्रिया, खरीद प्रक्रिया में बरती जाने वाली आवश्यक सावधानी एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इस क्रम में जोखिम प्रबंधन, लेखा-परीक्षा की रूपरेखा, विक्रेताओं की शिकायतों के निवारण हेतु उपलब्ध व्यवस्थाओं तथा खरीद प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न व्यावहारिक पहलुओं पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य सार्वजनिक खरीद से संबंधित नियमों, प्रक्रियाओं एवं सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों के प्रति अधिकारियों की जानकारी को सुदृढ़ करना तथा दैनिक कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही, निष्पक्षता एवं सत्यनिष्ठा को बढ़ावा देना था।
विदित हो कि केंद्रीय सतर्कता आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप बीसीसीएल मुख्यालय एवं विभिन्न क्षेत्रों में 17 अगस्त से 16 नवंबर 2026 तक तीन माह का निवारक सतर्कता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक प्रशासन में सत्यनिष्ठा एवं पारदर्शिता को बढ़ावा देना तथा विभिन्न जागरूकता एवं प्रशिक्षण गतिविधियों के माध्यम से सतर्कता संबंधी प्रक्रियाओं को सुदृढ़ करना है। इसी क्रम में आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम अधिकारियों को सार्वजनिक खरीद में नियामकीय अनुपालन, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के महत्व से अवगत कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।







































































