सामाजिक बुराई के अंधकार में रोशनी की किरण बनकर आए बाबा साहेब’ – जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रीति सिंह
‘शिक्षित बनो-संगठित रहो’ के मंत्र से ही साकार होगा समतामूलक समाज का सपना- जिला पंचायत अध्यक्ष
अम्बेडकर जयंती पर एकलव्य विद्यालय ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय कार्यक्रम हुआ आयोजित
अनूपपुर 14 अप्रैल 2026/भारतीय संविधान के जनक, महान समाज सुधारक और स्वतंत्र भारत के प्रथम विधि मंत्री भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती आज जिले में गौरवपूर्ण ढंग से मनाई गई। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम जिला मुख्यालय स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय अनूपपुर के ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रीति रमेश सिंह ने बाबा साहेब के विराट व्यक्तित्व और उनके संघर्षों पर प्रकाश डालते हुए अपने उद्बोधन में कहा कि जिस दौर में देश सामाजिक बुराई और असमानता की जंजीरों में जकड़ा था और महिलाओं के पास कोई सामाजिक अधिकार नहीं थे, उस समय बाबा साहेब एक ‘रोशनी की किरण’ बनकर अवतरित हुए। उन्होंने अपनी विद्वत्ता और दूरदर्शिता से एक ऐसे संविधान का निर्माण किया, जो आज हर भारतीय नागरिक को एक समान नजर से देखता है और सुरक्षा प्रदान करता है।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने उपस्थित अभिभावकों और विद्यार्थियों से मार्मिक अपील करते हुए कहा कि बाबा साहेब द्वारा दिए गए ‘शिक्षित बनो और संगठित रहो’ के नारे को केवल दीवारों पर नहीं, बल्कि अपने जीवन में उतारने की आवश्यकता है। शिक्षा ही वह माध्यम है जिससे व्यक्ति न केवल उच्च पद हासिल कर सकता है, बल्कि अपने हक और सम्मान के लिए मजबूती से लड़ भी सकता है। श्रीमती सिंह ने नई पीढ़ी का आह्वान किया कि वे बाबा साहेब द्वारा लिखी गई किताबों और उनके साहित्य को गहराई से पढ़ें। उन्होंने कहा कि उनके विचारों को आत्मसात करके और उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही हम एक न्यायपूर्ण और समतामूलक समाज के सपने को साकार कर सकते हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के पूर्व अध्यक्ष श्री हीरा सिंह श्याम ने बाबा साहेब की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित जनसमूह को प्रेरित किया। उन्होंने कहा आज हम जो स्वतंत्र रूप से अपने अधिकारों के साथ अपनी बात रख पा रहे हैं, यह बाबा साहेब की ही देन है। यदि हम उनके संघर्षों का थोड़ा हिस्सा भी अपने जीवन में उतार लें, तो हम आधुनिक समय की हर ऊँचाई को छू सकते हैं। बाबा साहेब का मानना था कि ‘जिंदगी लंबी होने के बजाय महान होनी चाहिए’, हमें इसी महानता की दिशा में कार्य करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात करें, क्योंकि शिक्षित व्यक्ति ही समाज में अपनी बात को सरलता और प्रखरता से रख सकता है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बिखेरी अमिट छाप
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यालय की छात्राओं द्वारा दी गई प्रेरक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ रहीं। छात्राओं ने नाटक और गीतों के माध्यम से बाबा साहेब के जीवन संघर्ष, सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार और ‘शिक्षा की शक्ति’ का सजीव चित्रण किया। इन प्रस्तुतियों ने न केवल दर्शकों को भावुक किया, बल्कि समाज को ‘शिक्षित और संगठित’ होने का प्रभावी संदेश भी दिया। कार्यक्रम का सफल और ओजस्वी संचालन जिला पंचायत के सहायक जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित श्रीवास्तव द्वारा किया गया।
हितग्राहियों को स्वरोजगार के लिए मिली आर्थिक मजबूती
अम्बेडकर जयंती के पावन अवसर पर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु स्वरोजगार योजनाओं के तहत 54 लाख रुपये से अधिक के ऋण वितरण एवं स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। जिसमें भगवान बिरसा मुण्डा स्वरोजगार योजना के तहत निखिल नारायण सिंह को ट्रैक्टर ट्रॉली (12 लाख), राम सिंह को राइस मिल (3 लाख), रामकुमार सिंह को ऑटो रिपेयरिंग (3 लाख), राजू प्रसाद कोल को सेट रिंग (5 लाख) और ओमकार कोल को टेंट हाउस (9.35 लाख) हेतु आर्थिक सहायता ऋण दिया गया। साथ ही संत रविदास स्वरोजगार योजना अंतर्गत हरवेन्द्र प्रजापति को सेटरिंग कार्य (5 लाख), विकास कुमार दाहिया को पिकअप वाहन (10 लाख), आकाश जाटव को मसाला व्यापार (5 लाख) और नवीन प्रसाद कनौजिया को फुटवेयर शॉप (2 लाख) हेतु ऋण वितरित किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती पार्वती राठौर, पूर्व अध्यक्ष जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ श्री हीरा सिंह श्याम, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी, सहायक आयुक्त जनजाति कर विभाग सुश्री सरिता नायक सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी कर्मचारी,स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, शिक्षक, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

















