झूठे मामले में फंसाने की धमकी का आरोप, पार्षद ने कोतवाली में दी शिकायत

---Advertisement---

झूठे मामले में फंसाने की धमकी का आरोप, पार्षद ने कोतवाली में दी शिकायत

अवैध कब्जे का विरोध करने पर रची जा रही साजिश, निष्पक्ष जांच की मांग

अनूपपुर। नगर पालिका परिषद अनूपपुर के वार्ड क्रमांक-2 के पार्षद संजय चौधरी ने कोतवाली अनूपपुर में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि उन्हें झूठे मामले में फंसाने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।

पार्षद संजय चौधरी ने अपनी शिकायत में बताया कि रजनी रजक द्वारा उनके विरुद्ध जमीन दिलाने के नाम पर राशि लेने एवं धोखाधड़ी करने की शिकायत की गई है, जबकि उनके अनुसार यह आरोप पूरी तरह निराधार एवं तथ्यहीन हैं। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों का कोई ठोस आधार या साक्ष्य नहीं है।

शिकायत में पार्षद ने उल्लेख किया है कि पूर्व में वार्ड क्रमांक-10 में शिकायतकर्ता के परिवार द्वारा कथित रूप से शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण किया जा रहा था, जिसका उन्होंने और स्थानीय नागरिकों ने विरोध किया था। इसके बाद संबंधित मामले की शिकायत किए जाने पर निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया। पार्षद का आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर शिकायतकर्ता और उसके परिजनों द्वारा उन्हें धमकियां दी गईं तथा मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का प्रयास किया गया।

पार्षद ने यह भी दावा किया कि वार्ड क्रमांक-2 में भी कथित रूप से शासकीय भूमि पर कब्जे का प्रयास किया गया था, जिसका उन्होंने विरोध किया। उनका कहना है कि वे अपने क्षेत्र में अवैध कब्जों और अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए लगातार प्रयासरत रहे हैं।

शिकायत में उन्होंने कहा कि उनके विरुद्ध की गई शिकायत उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने और दबाव बनाने की नीयत से की गई है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा पर्याप्त साक्ष्य के अभाव में उनके विरुद्ध कोई कार्रवाई न की जाए। साथ ही झूठी शिकायत के माध्यम से उनकी छवि धूमिल करने और मानसिक प्रताड़ना पहुंचाने वालों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जाए।

फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले को जांच में लिया है। जांच के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

October 10, 2026

October 10, 2026

October 10, 2026

October 10, 2026

October 10, 2026

October 10, 2026

Leave a Comment