दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में विधिक साक्षरता और साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

---Advertisement---

 

मनेन्द्रगढ़। दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल मनेन्द्रगढ़ में विद्यार्थियों को कानून और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से विधिक साक्षरता और साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 5वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) मनेन्द्रगढ़ लोकेश कुमार रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे, ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय, सोशल मीडिया का सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग, बाल अधिकारों तथा विधिक जागरूकता के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में सतर्कता और कानून की जानकारी प्रत्येक विद्यार्थी के लिये आवश्यक है जिससे वे स्वयं सुरक्षित रह सकें और दूसरों को भी जागरूक कर सकें।

न्यायिक मजिस्ट्रेट लोकेश कुमार ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध लिंक, फर्जी कॉल या ऑनलाइन लालच में ना आयें और साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचना दें। उन्होंने विद्यार्थियों को कानून का सम्मान करने, अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग रहने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने के लिये प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा और कानूनी विषयों से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे जिनका मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने सरल और व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से उत्तर दिया। प्रश्नोत्तर सत्र ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करने के साथ उन्हें डिजिटल सुरक्षा के प्रति और अधिक जागरूक बनाया।

विद्यालय प्रबंधन ने इस आयोजन को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में कानूनी समझ, सामाजिक जिम्मेदारी और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिये अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और उपयोगी रहा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment