दीक्षा महिला मंडल बीसीसीएल द्वारा सुरक्षा जागरूकता एवं खेल सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन

---Advertisement---

दीक्षा महिला मंडल बीसीसीएल द्वारा आज उत्क्रमित मध्य विद्यालय, छाताबाद (बेलगड़िया) में एक सुरक्षा जागरूकता एवं खेल सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में अपनी सुरक्षा के प्रति सजगता विकसित करने के साथ छात्रों में खेलों के माध्यम से उनके शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास को प्रोत्साहित करना रहा। इस अवसर पर दीक्षा महिला मंडल अध्यक्षा श्रीमती अर्चना अग्रवाल, उपाध्यक्षा श्रीमती रंजना सिंह, श्रीमती नीता कुमार सहित मंडल की अन्य सदस्याएं, विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को ‘गुड टच और बैड टच’ के विषय में सरल, सहज एवं संवेदनशील तरीके से जानकारी दी गई। उन्हें सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श के बीच अंतर समझने, अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने तथा किसी भी असहज स्थिति में अपने अभिभावकों अथवा विश्वसनीय बड़ों से खुलकर संवाद करने के लिए जागरूक किया गया।

इसके साथ ही बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास में खेलकूद की महत्त्वपूर्ण भूमिका को ध्यान में रखते हुए विद्यालय को फुटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, कैरम बोर्ड एवं शतरंज सहित विभिन्न प्रकार की इनडोर एवं आउटडोर खेल सामग्री वितरित की गई। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करना तथा उनमें टीम भावना, अनुशासन, सहयोग एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना रहा।

श्रीमती अर्चना अग्रवाल ने कहा कि बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा उन्हें जागरूक और आत्मविश्वासी बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बच्चों को कम उम्र से ही व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक करना आवश्यक है, ताकि वे सही और गलत के बीच अंतर समझ सकें तथा किसी भी असहज परिस्थिति में बिना संकोच अपने अभिभावकों एवं विश्वसनीय बड़ों से सहायता प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए खेलकूद का भी उतना ही महत्व है। खेलकूद बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, सहयोग, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उल्लेखनीय है कि दीक्षा महिला मंडल, बीसीसीएल बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। मंडल का उद्देश्य ऐसी पहलों के माध्यम से बच्चों में जागरूकता विकसित करना, उनकी प्रतिभा एवं क्षमताओं को प्रोत्साहित करना तथा उनके लिए सुरक्षित, स्वस्थ एवं सकारात्मक वातावरण के निर्माण में योगदान देना है। यह कार्यक्रम बाल सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने और खेलकूद के माध्यम से बच्चों के समग्र विकास को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सार्थक पहल रहा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment