बिजुरी में पिकअप की टक्कर से मौसी-भांजा घायल

---Advertisement---

बिजुरी में पिकअप की टक्कर से मौसी-भांजा घायल

एक्सिस बैंक के सामने हुआ हादसा, पीछे की ओर वाहन बैक करते समय मोटरसाइकिल को मारी टक्कर, पुलिस ने दर्ज किया मामला

विजय शंकर सोनी अनूपपुर ब्यूरो रिपोर्ट

अनूपपुर जिले के थाना बिजुरी क्षेत्र अंतर्गत एक्सिस बैंक के सामने पिकअप वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार मौसी और भांजा घायल हो गए। दुर्घटना उस समय हुई, जब पिकअप चालक ने वाहन को अचानक तेज गति और लापरवाहीपूर्वक पीछे की ओर बैक कर दिया। टक्कर लगने से मोटरसाइकिल सवार दोनों लोग सड़क पर गिर पड़े। हादसे में युवक के दाहिने हाथ, कोहनी और कूल्हे में चोटें आईं, जबकि पीछे बैठी उसकी मौसी के सिर के पिछले हिस्से में चोट लगने से खून निकलने लगा और सूजन आ गई।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी भारत पन्डो पिता कंदलाल पन्डो, उम्र 41 वर्ष, निवासी ग्राम बांही, थाना केल्हारी, जिला एमसीबी छत्तीसगढ़ ने अपनी मौसी जानकी पन्डो एवं नाना बंशीलाल पन्डो के साथ थाना उपस्थित होकर घटना की मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादी ने पुलिस को बताया कि 28 नवंबर 2026 को वह अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG16CM5014 से मौसी जानकी पन्डो को पीछे बैठाकर माइनस कॉलोनी के रास्ते बिजुरी स्थित कियोस्क सेवा केंद्र (ग्राहक सेवा केंद्र) जा रहा था। उसके पीछे दूसरी मोटरसाइकिल से उसके मामा सुरजीत पन्डो और नाना बंशीलाल पन्डो भी आ रहे थे।

फरियादी के अनुसार दोपहर करीब 3:30 बजे जब वह बिजुरी में एक्सिस बैंक के आगे पहुंचा, तभी पीछे से पिकअप वाहन क्रमांक MP65GA2631 आया। पिकअप चालक ने वाहन को उसकी मोटरसाइकिल से कुछ आगे खड़ा कर दिया। इसके बाद फरियादी ने भी अपनी मोटरसाइकिल रोक ली। इसी दौरान पिकअप चालक ने अचानक वाहन को तेज गति से पीछे की ओर बैक करना शुरू कर दिया। आरोप है कि चालक ने बिना सावधानी बरते लापरवाहीपूर्वक पिकअप पीछे किया, जिससे वाहन सीधे फरियादी की मोटरसाइकिल से टकरा गया।

टक्कर लगते ही भारत पन्डो और उनकी मौसी जानकी पन्डो मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिर गए। दुर्घटना में भारत पन्डो के दाहिने हाथ के पंजे, कोहनी के पास तथा दाहिने तरफ कूल्हे में चोटें आईं। वहीं मौसी जानकी पन्डो के सिर के पिछले हिस्से और दाहिने हाथ की कोहनी के पास चोट लगी। सिर में चोट लगने से खून निकल आया तथा सूजन भी हो गई। घटना के दौरान पीछे से दूसरी मोटरसाइकिल पर आ रहे नाना बंशीलाल पन्डो और मामा सुरजीत पन्डो ने हादसा होते देखा तथा मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को उठाया। दुर्घटना में फरियादी की मोटरसाइकिल भी थोड़ी बहुत क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना के बाद फरियादी भारत पन्डो ने थाना पहुंचकर पिकअप चालक के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की मांग करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट के आधार पर पिकअप वाहन क्रमांक MP65GA2631 के चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 एवं 125(ए) के तहत अपराध कायम कर विवेचना में लिया है। प्राथमिकी तिथि 28 नवंबर 2026 दर्ज है। पुलिस द्वारा मामले में दुर्घटना के कारणों और उससे जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment