अमरकंटक पुलिस ने नाबालिग अपहृता को केरल से सकुशल दस्तयाब किया , आरोपी गिरफ्तार

---Advertisement---
  • 18 अक्टूबर को दर्ज हुआ था अपहरण का मामला , लगातार तलाश के बाद केरल के इडुक्की जिले से मिली सफलता

संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय

अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली/पवित्र नगरी अमरकंटक के थाना अमरकंटक पुलिस ने नाबालिग बालिका के अपहरण के मामले में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए उसे केरल राज्य के इडुक्की जिले से सकुशल दस्तयाब कर लिया है । वहीं मामले में आरोपी 26 वर्षीय सागर चंद्रवंशी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया ।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 18 अक्टूबर 2026 को सूचना प्राप्त हुई थी कि एक नाबालिग बालिका को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण कर ले जाया गया है । सूचना पर थाना अमरकंटक में अपराध क्रमांक 182/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) में मामला पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई । पुलिस द्वारा लगातार पतासाजी एवं तलाश की जा रही थी ।

लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप पुलिस ने अपहृता को 1 नवंबर 2026 को केरल राज्य के इडुक्की जिले के वाकाथी थाना क्षेत्र से सकुशल दस्तयाब किया । आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद बालिका को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत कर कथन कराए गए तथा बाल कल्याण समिति के समक्ष भी पेश किया गया जहां से उसे उसके माता-पिता के सुपुर्द किया गया ।

विवेचना के दौरान प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 87 एवं 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 एवं 5(एल)/6 का इजाफा किया गया । पुलिस ने मामले के आरोपी सागर चंद्रवंशी (26 वर्ष) निवासी ग्राम बहपुर हाल निवासी अमरकंटक को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया ।

  • पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई

यह संपूर्ण कार्रवाई पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनूपपुर के कुशल मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) पुष्पराजगढ़ के निर्देशन एवं नेतृत्व में थाना प्रभारी अमरकंटक के. एन. बंजारे ,  पी.एस. बघेल ,  ईश्वर यादव एवं  रघुराज सिंह द्वारा की गई ।
अमरकंटक पुलिस की इस कार्रवाई से नाबालिग बालिका को दूसरे राज्य से सकुशल दस्तयाब करने में सफलता मिली है ।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment