- जैतहरी पुलिस की कार्रवाई से मादक पदार्थ तस्करी में मचा हड़कंप, गांजे की कीमत करीब 60 हजार रुपये
जैतहरी। थाना जैतहरी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5.078 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये है, तथा तस्करी में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक MP 65 ZB 8620 जब्त की है।
पुलिस को 6 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से ग्राम उमरिया की ओर से जैतहरी तरफ गांजा लेकर आ रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद थाना जैतहरी पुलिस ने बताए गए स्थान पर वाहन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान उमरिया-धनगवां की ओर से संदिग्ध मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर चालक मोटरसाइकिल खड़ी कर भागने लगा, जिसे पुलिस टीम ने पीछा कर खोली फाटक रेलवे ब्रिज के पास तालाब की मेड़ पर घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान प्रकाश कुमार पनिका पिता अमृत लाल पनिका, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम उमरिया, थाना जैतहरी के रूप में हुई। मोटरसाइकिल के हैंडल में लटके बैग की तलाशी लेने पर भूरे रंग के टेप से लिपटा बंडल मिला। जांच करने पर उसमें 5.078 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपी के पास गांजे के परिवहन एवं विक्रय से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला।
पुलिस ने आरोपी प्रकाश कुमार पनिका के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की। पूछताछ में आरोपी ने गांजा हर्ष पाल पिता ओमकार पाल, निवासी ग्राम बम्हौरी, थाना धनपुरी, जिला शहडोल से खरीदकर लाना बताया। इसके बाद पुलिस ने हर्ष पाल को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
प्रकरण में गांजे के स्रोत तथा अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है।
- थाना प्रभारी की सक्रियता से मिली सफलता
इस कार्रवाई में थाना जैतहरी के थाना प्रभारी निरीक्षक गोकुलानंद पाण्डेय की सक्रिय भूमिका और टीम के समन्वित प्रयास से गांजा तस्करी के मामले का खुलासा हुआ। कार्रवाई में अमरलाल यादव, जयसिंह, राजकुमार मार्को, संजय लोधी, मनोज सिंह, विजयनंद पाण्डेय, नरेन्द्र जाट, मनीष सिंह तोमर एवं राहुल कंसाना की भी भूमिका रही।





























