अमरकंटक में आयोजित हुई ‘देवस्थान एवं तीर्थों का प्रबंधन’ विषयक पुजारी प्रशिक्षण कार्यशाला
सनातन संस्कृति , धार्मिक परंपराओं के संरक्षण और तीर्थस्थलों के सुव्यवस्थित प्रबंधन पर हुआ मंथन , शहडोल संभाग के चार जिलों के पुजारी हुए शामिल
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
![]()
![]()
![]()
अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली/पवित्र नगरी अमरकंटक स्थित श्री कल्याण सेवा आश्रम में मध्यप्रदेश तीर्थ स्थान एवं मेला प्राधिकरण विभाग के तत्वावधान में ‘देवस्थान एवं तीर्थों का प्रबंधन’ विषय पर पुजारी प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन गरिमामय एवं आध्यात्मिक वातावरण में संपन्न हुआ । कार्यशाला में सनातन संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं के संरक्षण , तीर्थस्थलों के बेहतर प्रबंधन , पुजारियों की भूमिका , सामाजिक समरसता , जल एवं मृदा संरक्षण तथा धार्मिक स्थलों के विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया । इस अवसर पर अनूपपुर , शहडोल , उमरिया एवं डिंडौरी जिले के पुजारीगण एवं धर्माचार्य विशेष रूप से उपस्थित रहे ।
कार्यशाला का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया । तत्पश्चात श्री कल्याण सेवा आश्रम के विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक स्वस्तिवाचन किया गया । आश्रम के विद्यार्थियों ने भक्तिभाव से परिपूर्ण नर्मदाष्टक की विशेष प्रस्तुति देकर संपूर्ण वातावरण को आध्यात्मिक चेतना एवं भक्तिरस से सराबोर कर दिया । अतिथियों का पुष्पगुच्छ , शाल , श्रीफल , स्मृति चिह्न एवं आध्यात्मिक किट भेंट कर आत्मीय सम्मान किया गया ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जैतपुर विधायक जयसिंह मरावी उपस्थित रहे जबकि अध्यक्षता मध्यप्रदेश तीर्थ स्थान एवं मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष विनोद गौंटिया ने की । विशिष्ट अतिथियों में मध्यप्रदेश जनजाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल , नगर परिषद अमरकंटक की अध्यक्ष पार्वती सिंह उइके , इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय अमरकंटक के कुलपति डॉ. ए.के. शुक्ला , जूनागढ़ कृषि विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. नरेंद्र गौंटिया , उमेश पाण्डेय जन अभियान परिषद अनुपपुर शामिल रहे । कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन भोपाल से पधारे मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. राजेन्द्र श्रीवास्तव ने किया ।
आस्था और अध्यात्म सामाजिक जीवन के मार्गदर्शक — डॉ. ए.के. शुक्ला
अपने उद्बोधन में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. ए.के. शुक्ला ने कहा कि धार्मिक तीर्थस्थल केवल पूजा-अर्चना के केंद्र नहीं होते बल्कि वे समाज की आस्था , सांस्कृतिक चेतना और आध्यात्मिक शांति के महत्वपूर्ण आधार हैं । हमारे ऋषि-मुनियों और पूर्वजों ने प्रकृति , ग्रहों की स्थितियों , पंचतत्वों तथा मानव जीवन के पारस्परिक संबंधों का गहन ज्ञान समाज को प्रदान किया है । उन्होंने कहा कि हमारा शरीर पृथ्वी , जल , अग्नि , वायु और आकाश जैसे पंचतत्वों से निर्मित है । इसलिए प्रकृति और आध्यात्मिक परंपराओं के प्रति सम्मान का भाव प्रत्येक पीढ़ी में विकसित करना आवश्यक है । तीर्थस्थलों के माध्यम से समाज में आपसी तालमेल , सद्भाव और सांस्कृतिक एकता को मजबूत किया जा सकता है । उन्होंने अपने उद्बोधन का समापन ‘जय सनातन, जय संस्कृति’ के उद्घोष के साथ किया ।
जल एवं मृदा संरक्षण के प्रति पुजारियों की भूमिका महत्वपूर्ण — डॉ. नरेंद्र गौंटिया
जूनागढ़ कृषि विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. नरेंद्र गौंटिया ने जल संरक्षण एवं मृदा संरक्षण को वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए कहा कि मां नर्मदा जीवनदायिनी नदी हैं और जल ही जीवन का मूल आधार है । मानव शरीर का लगभग 70 प्रतिशत भाग जल से बना है , ऐसे में जल संरक्षण का महत्व सहज ही समझा जा सकता है । उन्होंने वर्षा जल के संचयन पर विशेष बल देते हुए कहा कि बरसात के पानी को संरक्षित करने के लिए व्यापक प्रयास होने चाहिए । पुराने नदी-तालाबों और कुओं का संरक्षण भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है । उन्होंने कहा कि अमरकंटक से निकलने वाली नर्मदा का जल दूर-दूर तक जीवन प्रदान करता है । पुजारी समाज के पास प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं तक पहुंचने का अवसर रहता है , इसलिए उन्हें सनातन संस्कृति के साथ-साथ जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी जन-जन तक पहुंचाना चाहिए । उन्होंने कहा कि जल है तो कल है ।
सनातन परंपराओं को जीवंत रखने में पुजारी समाज की भूमिका सराहनीय — रामलाल रौतेल
मध्यप्रदेश जनजाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल ने कहा कि समाज को सही दिशा प्रदान करने का दायित्व उन प्रबुद्धजनों पर है जिनके पास ज्ञान , अनुभव और सांस्कृतिक परंपराओं की समझ है । पुजारी एवं धर्माचार्य सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं । उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा समाज को जोड़ने , संस्कारों को मजबूत करने और सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम है । उन्होंने अमरकंटक के धार्मिक महत्व का उल्लेख करते हुए सुझाव दिया कि मेलों के दौरान छोटे-छोटे मंदिरों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में भी विचार किया जाना चाहिए , जिससे इन प्राचीन धार्मिक स्थलों का संरक्षण एवं संवर्धन हो सके ।
समाज को दिशा देना पुजारी समाज का महत्वपूर्ण दायित्व — जयसिंह मरावी
मुख्य अतिथि जैतपुर विधायक जयसिंह मरावी ने अपने संबोधन में कहा कि समाज को संस्कार , नैतिकता और धर्म के मार्ग पर आगे बढ़ाने में पुजारी समाज की महत्वपूर्ण भूमिका है । सनातन धर्म की परंपराओं और मान्यताओं को सुरक्षित रखना पुजारीगण का प्रमुख दायित्व है । उन्होंने कहा कि धार्मिक ज्ञान के साथ-साथ समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने , लोगों को जागरूक बनाने तथा सामाजिक जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए भी पुजारियों को आगे आना चाहिए । उनका मार्गदर्शन समाज को सही दिशा देने में सहायक सिद्ध हो सकता है ।
पुजारियों की समस्याओं का निराकरण और तीर्थस्थलों का विकास हमारी प्राथमिकता — विनोद गौंटिया
कार्यशाला की अध्यक्षता कर रहे मध्यप्रदेश तीर्थ स्थान एवं मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष विनोद गौंटिया ने कहा कि अमरकंटक की पावन धरती से इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ किया जाना गौरव का विषय है । उन्होंने कहा कि पुजारीगण जो दायित्व निभाते हैं , वह अत्यंत कठिन और जिम्मेदारीपूर्ण कार्य है । मंदिरों की व्यवस्था , धार्मिक अनुष्ठानों का निर्वहन , श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन तथा सनातन परंपराओं का संरक्षण सहज कार्य नहीं हैं । इसके साथ ही पुजारियों के सामने आने वाली समस्याओं का समाधान करना भी आवश्यक है ।
उन्होंने आश्वस्त किया कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े उस व्यक्ति की चिंता भी की जाएगी जो सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के संरक्षण के लिए समर्पित है । उन्होंने भगवान श्रीराम एवं श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों और संघर्षों के बीच भी उन्होंने समाज एवं मानवता के कल्याण के लिए कार्य किया । वर्तमान समय में सनातन संस्कृति को लेकर समाज में अनेक प्रकार की चुनौतियां हैं , ऐसे में हमारा व्यवहार मानवता , सद्भाव और सामाजिक समरसता पर आधारित होना चाहिए ।
उन्होंने बताया कि श्री नर्मदा मंदिर अमरकंटक में सोलर पैनल लगाए जाने का प्रस्ताव भी दिया गया है । इससे मंदिर परिसर में ऊर्जा संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्रोत्साहन मिलेगा । उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सनातन परंपराओं , धार्मिक स्थलों के संरक्षण और उनके विकास के प्रति प्रतिबद्ध है ।
पार्वती सिंह ने किया धार्मिक परंपराओं के संरक्षण पर जोर
नगर परिषद अमरकंटक की अध्यक्ष पार्वती सिंह ने अपने उद्बोधन में तीर्थनगरी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक गरिमा को बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया । उन्होंने कहा कि अमरकंटक देशभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है । यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा धार्मिक स्थलों की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए सभी संबंधित पक्षों को मिलकर प्रयास करना चाहिए ।
चार जिलों के पुजारियों की रही सहभागिता
इस प्रशिक्षण कार्यशाला में शहडोल संभाग के अनूपपुर , शहडोल , उमरिया एवं डिंडौरी जिलों से आए पुजारीगण ने सहभागिता की । अमरकंटक के श्री नर्मदा मंदिर के पुजारी उत्तम द्विवेदी , कामता प्रसाद द्विवेदी , धनेश द्विवेदी , राजेश द्विवेदी एवं रूपेश द्विवेदी सहित श्री कल्याण सेवा आश्रम के पुजारी संदीप ज्योतिषी , मुकेश पाठक , सुनील दुबे , शत्रुघ्न तथा सोनमुड़ा आश्रम के नरेंद्र पाण्डेय सहित अनेक धर्माचार्य उपस्थित रहे ।
कार्यशाला का मूल उद्देश्य पुजारी समाज को देवस्थानों एवं तीर्थस्थलों के सुव्यवस्थित संचालन , धार्मिक परंपराओं के निर्वहन , श्रद्धालुओं के प्रति उत्तरदायित्व तथा सामाजिक एवं सांस्कृतिक जागरूकता के प्रति प्रशिक्षित करना रहा । वक्ताओं ने एक स्वर में इस बात पर बल दिया कि पुजारी केवल धार्मिक अनुष्ठानों के संपादक नहीं , बल्कि समाज के नैतिक , सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक मार्गदर्शक भी हैं ।
अमरकंटक की पावन धरा पर आयोजित यह कार्यशाला धार्मिक संस्थाओं के प्रबंधन को नई दिशा देने , पुजारी समाज की भूमिका को अधिक प्रभावशाली बनाने तथा सनातन संस्कृति की गौरवशाली परंपराओं को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने की दृष्टि से महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आई
कार्यक्रम में अमरकंटक के रामगोपाल द्विवेदी , प्रकाश द्विवेदी एवं पत्रकारो सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे ।













































