जमुना-कोतमा में सीटू का डेरा डालो-घेरा डालो आंदोलन, प्रबंधन के आश्वासन के बाद खत्म
भूमिगत खदानों को बंद करने, एमडीओ के जरिए संचालन और ठेका मजदूरों के शोषण का लगाया आरोप
जमुना-कोतमा। कोयला श्रमिक संघ सीटू के राष्ट्रीय आह्वान पर दिल्ली में 1, 2 और 3 दिसंबर को प्रस्तावित “डेरा डालो-घेरा डालो” आंदोलन को सफल बनाने तथा जमुना-कोतमा क्षेत्र की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को लेकर सीटू कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया
आंदोलन का नेतृत्व कोयला श्रमिक संघ सीटू के क्षेत्रीय अध्यक्ष अनिल शर्मा एवं क्षेत्रीय सचिव इंद्रपती सिंह ने किया। क्षेत्रीय सचिव इंद्रपती सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ दिल्ली में होने वाले आंदोलन में मजदूर तन-मन-धन से सहयोग करें। उन्होंने जमुना-कोतमा क्षेत्र में प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि संसाधनों के अभाव में कई भूमिगत खदानें बंद कर दी गई हैं। आमाडाड़ ओसीएम और बरतराई खदान में विभागीय कोयला उत्पादन भी प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि एमडीओ के माध्यम से खदानों का संचालन कर मजदूरों के स्थानांतरण की साजिश की जा रही है। साथ ही मजदूरों के साथ भेदभाव, ठेका श्रमिकों के शोषण तथा क्षेत्र में कराए जा रहे कल्याणकारी कार्यों में गुणवत्ता की कमी का आरोप लगाया गया।
वरिष्ठ श्रमिक नेता महेश श्रीवास्तव ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को नो-ड्यूज सहित अन्य दस्तावेजों के नाम पर परेशान किए जाने का मुद्दा उठाते हुए व्यवस्था में सुधार की मांग की। उन्होंने क्षेत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की भी मांग की।
धरना शाम तक जारी रहा। शाम करीब 6 बजे महाप्रबंधक के साथ सीटू के अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय सचिव की सकारात्मक चर्चा हुई। प्रबंधन ने 10 दिसंबर को सभी बिंदुओं पर बैठक कर समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया और इस संबंध में पत्र जारी कराया। इसके बाद सीटू ने आंदोलन समाप्त कर दिया।
आंदोलन को सफल बनाने में तेजभान पांडेय, उत्तम तिवारी, शिवानंद मांझी, प्रमोद कुमार, राजकुमार तिवारी, नरेश शर्मा, चुनिया प्रसाद, रामकुमार, सुखदयाल एवं रघुबर प्रसाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही













































