- श्रीमती अर्चना अग्रवाल पूरे विधि-विधान के साथ कर रही हैं छठ। निदेशक (वित्त/मानव संसाधन) सहित बीसीसीएल के वरिष्ठ अधिकारी कार्यक्रम में हुए शामिल।
लोक-आस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ के तीसरे दिन आज बीसीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री मनोज कुमार अग्रवाल एवं उनकी धर्मपत्नी तथा छठव्रती श्रीमती अर्चना अग्रवाल ने परिवार सहित कोयला नगर स्थित मानसरोवर तालाब में पूर्ण विधि-विधान एवं श्रद्धा के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान पुत्र-पुत्रवधू, परिजनों के अतिरिक्त निदेशक (वित्त/मानव संसाधन) श्री राजेश कुमार एवं श्रीमती नीता कुमार सहित कोयला भवन मुख्यालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी सपरिवार घाट पर सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित करने के लिए कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
सभी ने श्रद्धा और भक्ति-भाव से सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया और छठ माता से सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और उन्नति की मंगलकामना की। कार्यक्रम में कोयला भवन मुख्यालय के कई अन्य अधिकारी एवं कर्मी भी सपरिवार छठ घाट पर सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने हेतु उपस्थित रहे। सभी ने भक्ति भाव और श्रद्धा के साथ सूर्यदेव और छठ माता की आराधना की।

इस दौरान सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने सभी को छठ महापर्व की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि छठ केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, लोक-आस्था एवं आध्यात्मिक परंपराओं का अनुपम प्रतीक है। यह महापर्व हमें प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ अपने जीवन में स्वच्छता, अनुशासन, संयम एवं समर्पण जैसे जीवनमूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व सामाजिक समरसता, आपसी सौहार्द एवं सद्भाव की भावना को भी प्रोत्साहित करने का एक विशेष अवसर है। उन्होंने बीसीसीएल परिवार की एकजुटता एवं सामूहिक सहभागिता की भावना के साथ निरंतर प्रगति एवं उन्नति के पथ पर अग्रसर रहने तथा सभी के सुख, शांति एवं समृद्धि की मंगलकामना की।

उल्लेखनीय है कि श्रीमती अर्चना अग्रवाल विगत दो दशकों से पूर्ण निष्ठा, श्रद्धा एवं पारंपरिक विधि-विधान के साथ महापर्व छठ का अनुष्ठान करती आ रही हैं। इस वर्ष भी उन्होंने इस चार दिवसीय महापर्व का आयोजन सरायढेला स्थित अपने सरकारी आवास पर पूर्ण श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया है। इसी क्रम में 13 नवंबर को ‘नहाय-खाय’ के साथ महापर्व का विधिवत शुभारंभ हुआ, जिसमें बीसीसीएल परिवार के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। इसके उपरांत 14 नवंबर को महापर्व के दूसरे दिन ‘खरना’ का अनुष्ठान पूर्ण श्रद्धा एवं पवित्रता के साथ संपन्न हुआ। इसमें निदेशकगण, विभिन्न विभागों एवं क्षेत्रों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी, दीक्षा महिला मंडल की पदाधिकारी एवं सदस्याएँ तथा शहर के विभिन्न वर्गों के प्रबुद्धजन एवं गणमान्य अतिथि सम्मिलित हुए।
चार दिवसीय इस महापर्व का समापन कल, 16 नवंबर को व्रतियों द्वारा उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ होगा। इस अवसर पर कोयला नगर स्थित मानसरोवर तालाब सहित विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सहभागिता के साथ संपूर्ण कोयला नगर भक्ति, आस्था एवं उल्लास के वातावरण से सराबोर रहेगा।











































