- जनता की समस्याओं के निराकरण हेतु शासन संवेदनशील- राज्यमंत्री श्री दिलीप जायसवाल
- मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान से आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता से हो रहा निराकरण- राज्य मंत्री श्री दिलीप जायसवाल
- मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता से हो रहा निराकरण- कलेक्टर
अनूपपुर, 13 नवम्बर 2026/ प्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिलीप जायसवाल ने कहा है कि मध्यप्रदेश सरकार आमजन की समस्याओं के निराकरण के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से आमजन की समस्याओं का निराकरण करने के साथ पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। वंचित पात्र हितग्राहियों को प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। राज्य मंत्री श्री जायसवाल आज नगर परिषद डूमर कछार में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविर को संबोधित कर रहे थे।
राज्य मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश तेजी से विकास की ओर अग्रसर है। अनूपपुर जिले के समग्र विकास के लिए भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश एवं जिले के विकास में प्रत्येक व्यक्ति की समान सहभागिता एवं योगदान आवश्यक है। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि वे अपने मन में सेवा का भाव रखते हुए शासन एवं प्रशासन के साथ कदम से कदम मिलाकर जिले के विकास में सहभागी बनें। उन्होंने कहा कि सेवा कार्य से मिलने वाली आत्मिक प्रसन्नता अन्य किसी कार्य में नहीं मिलती। सेवा के माध्यम से ही परमात्मा के दर्शन संभव हैं।

राज्य मंत्री श्री जायसवाल ने नशामुक्ति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नशा समाज की जड़ों को कमजोर करता है। केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह द्वारा वर्ष 2029 तक नशामुक्त भारत बनाने का संकल्प लिया गया है। इस संकल्प को साकार करने के लिए हम सभी को अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी होगी तथा समाज को नशे से दूर रखने के लिए सामूहिक प्रयास करने होंगे। राज्य मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि अनूपपुर जिले में विभिन्न उद्योगों की स्थापना की जा रही है। इन उद्योगों में स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उन्हें आवश्यक कौशल एवं दक्षता प्रदान करने के लिए शासन एवं प्रशासन द्वारा विशेष प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना तथा जिले के आर्थिक एवं औद्योगिक विकास को गति देना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविर को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने कहा कि अभियान के माध्यम से आमजन की समस्याओं से संबंधित प्राप्त आवेदनों का जिला प्रशासन द्वारा प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। शिविरों के प्रति आमजन का उत्साह एवं सहभागिता लगातार बढ़ रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आमजन की समस्याओं का निराकरण सरल, सहज एवं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त हो सके।
कलेक्टर श्री झा ने कहा कि जिले में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा विभिन्न विभागों के अपूर्ण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने विद्यालय परिसरों को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाने तथा परिसर में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने जिला एवं अनुभाग स्तर के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत संचालित शासकीय कार्यालयों की व्यवस्थाओं एवं गतिविधियों की नियमित जानकारी रखने तथा समय-समय पर कार्यालयों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान कार्यालयों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, कार्यप्रणाली एवं जनहित से जुड़े कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जाएं। कलेक्टर श्री झा ने जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, विद्यार्थियों की शिक्षा में गुणवत्ता, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को इन क्षेत्रों में बेहतर कार्ययोजना के साथ प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
- शिविर में 139 आवेदन प्राप्त, 91 का मौके पर किया गया निराकरण
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत नगर परिषद डूमर कछार में आयोजित शिविर में आमजन से विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित लगभग 139 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 91 आवेदनों का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने की कार्यवाही की जा रही है।
शिविर में विभिन्न योजनाओं की हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया तथा जिले के सभी विभागों के विभागीय अधिकारियों ने विभागों से संबंधित योजनाओं एवं योजनाओं की प्रगति के संबंध में जानकारी प्रस्तुत की।
- विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी
शिविर में राजस्व, उद्योग, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, खाद्य, नगरीय प्रशासन, कृषि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, नवाचारों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। अधिकारियों ने उपस्थित नागरिकों को योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं मिलने वाले लाभों से अवगत कराया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जानकारी एवं सेवा संबंधी स्टॉलों के माध्यम से भी आमजन को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री अंकित सोनी, वन मंडलाधिकारी श्री डेबिट वेंकटराव चनाब, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी, नगर परिषद अध्यक्ष डूमरकछार डॉ. सुनील चौरसिया सहित विभिन्न विभागों के विभागीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।




























