- नर्मदा परिक्रमावासियों की सेवा के लिए बनाई गई कुटिया, 24 नवंबर से तीसरी बार निकलेगी मैकल परिक्रमा यात्रा
श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक – मां नर्मदा की पावन उद्गम धारा अमरकंटक के तट पर स्थित गणेश धुना , जगतपुर नरसिंग धुना एवं करंजिया के पकड़ीसोढ़ा स्थित नर्मदा तट पर दक्षिण तट में धार्मिक आस्था , भक्ति और सेवा की अनूठी परंपरा निरंतर आगे बढ़ रही है । इन धार्मिक स्थलों पर अखंड रामायण का पाठ जारी है । वहीं नर्मदा परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं एवं परिक्रमावासियों की सेवा और विश्राम के लिए कुटिया का निर्माण भी किया गया है ।
गणेश धुना में संत स्वामी भगवान दास जी महाराज के सानिध्य में लगभग दस वर्षों से लगातार अखंड रामायण का पाठ चल रहा है । यहां प्रतिदिन रामायण की चौपाइयों का पाठ और भक्ति का वातावरण बना रहता है । गणेश धुना अब केवल धार्मिक स्थल ही नहीं बल्कि आसपास के बच्चों के लिए भी अपनत्व और आनंद का विशेष केंद्र बन गया है ।
गणेश धुना के आसपास के वार्डों के छोटे-छोटे बच्चे सुबह , दोपहर और शाम किसी भी समय यहां पहुंच जाते हैं । बच्चों को यहां प्रसाद स्वरूप बिस्किट और टॉफियां वितरित की जाती हैं । धीरे-धीरे यह बच्चों की दिनचर्या का हिस्सा बन गया है । बच्चों का कहना है कि गणेश धुना पहुंचे बिना उन्हें आनंद ही नहीं आता । संत भगवान दास जी महाराज का बच्चों के प्रति स्नेह और प्रसाद वितरण की यह परंपरा धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक अपनत्व का भी सुंदर उदाहरण प्रस्तुत कर रही है । स्वामी भगवान दास जी का कहना है कि बच्चों का भगवान के प्रति लगाव बढ़ेगा , भक्ति और पढ़ाती में मन लगेगा । मन पवित्र होगा ।
इसी धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए गणेश धुना से 24 नवंबर 2026 को तीसरी बार मैकल परिक्रमा यात्रा प्रारंभ की जाएगी । यह यात्रा 30 नवंबर को संपन्न होगी । इसके अगले दिन 1 दिसंबर को विशाल नगर भंडारे का आयोजन किया जाएगा जिसमें श्रद्धालुओं एवं संत-महात्माओं सहित बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है ।
इस आयोजन के आयोजक मां नर्मदा मैकल परिक्रमा आयोजन समिति भारतवर्ष हैं । यात्रा के संरक्षक 1008 परमहंस स्वामी श्री सीताराम जू महाराज तथा संयोजक श्री 108 संत भगवान दास जी महाराज हैं । आयोजन के माध्यम से मां नर्मदा की आराधना , मैकल क्षेत्र की धार्मिक परंपराओं और परिक्रमावासियों की सेवा का संदेश दिया जा रहा है । यह मैकल परिक्रमा सात दिवसीय रहेगा ।





























