ब्यूरो रिपोर्ट शैलेंद्र जोशी
धार, दीपावली पर्व पर शहर के प्रमुख बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए जिला पुलिस ने विशेष यातायात प्रबंध किए हैं। यह व्यवस्था 5 से 9 नवंबर तक प्रभावशील रहेगी।
*भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित*
इंदौर नाका, श्याम ढाबा, रतलाम नाका एवं मतलबपुरा फाटा से धार शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। भारी वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।
- बाजार क्षेत्रों में तीन पहिया, चार पहिया एवं लोडिंग वाहनों पर प्रतिबंध
हटवाड़ा से आनंद चौपाटी होते हुए पौ चौपाटी, मोहन टॉकीज से पिंजारवाड़ी, धानमंडी, आनंद चौपाटी एवं शनि गली तथा पठ्ठा चौपाटी से बनियावाड़ी, राय चौपाटी एवं बोहरा बांखल तक प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक तीन पहिया, चार पहिया एवं सभी लोडिंग वाहनों का आवागमन और पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी। केवल आकस्मिक सेवाओं के वाहनों को अनुमति रहेगी।
- नागरिकों से अपील
पुलिस ने नागरिकों से पैदल आवागमन करने, दोपहिया वाहन निर्धारित पार्किंग में खड़े करने, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने और एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड को रास्ता देने की अपील की है। प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन लेकर प्रवेश न करें, नो-पार्किंग में वाहन न खड़ा करें और बैरिकेड्स न हटाएं।
जिला पुलिस धार ने दीपावली को खुशियों के साथ मनाने और यातायात नियमों का पालन कर सहयोग करने की अपील की है।




























