बाजारों में रही रौनक, जमुना कॉलोनी में आकर्षक झांकियां, झूला और मीना बाजार बने आकर्षण का केंद्र; कई स्थानों पर विशाल भंडारे का आयोजन
जमुना कोतमा शारदीय नवरात्र की महानवमी पर अनूपपुर जिले के कोयलांचल क्षेत्र जमुना, भालूमाड़ा, कोतमा, बदरा और हरद में मां दुर्गा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही दुर्गा पंडालों में भक्तों की आवाजाही शुरू हो गई, जो देर रात तक जारी रही। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते बाजारों में रौनक छाई रही और कई स्थानों पर सड़कों व गलियों से गुजरना भी मुश्किल हो गया।
महानवमी के पावन अवसर पर श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन कर पूजा-अर्चना करते और सुख-समृद्धि की कामना करते नजर आए। क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पंडालों में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। ग्रामीण क्षेत्रों में भी देवी प्रतिमाओं के समक्ष श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और माता रानी का आशीर्वाद लिया।
जमुना कॉलोनी में झांकियां, झूला और मीना बाजार का आकर्षण
जमुना कॉलोनी स्थित दुर्गा पंडाल में आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। वहीं झूले और मीना बाजार में भी लोगों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। परिवार के साथ पहुंचे लोगों ने मेले का आनंद लिया। बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह रहा। रंग-बिरंगी सजावट और श्रद्धालुओं की चहल-पहल से पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आया।
विशाल भंडारों में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
महानवमी पर जमुना, भालूमाड़ा, बदरा सहित विभिन्न स्थानों पर विशाल भंडारों का आयोजन किया गया। आयोजकों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए तरह-तरह के पकवान तैयार कराए गए और भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। भंडारों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। धार्मिक आयोजनों में स्थानीय लोगों और आयोजन समितियों की सहभागिता देखने को मिली।
नवरात्र के अंतिम दिन पूरे कोयलांचल क्षेत्र में मां दुर्गा की भक्ति, धार्मिक उल्लास और सामाजिक समरसता का वातावरण दिखाई दिया। महानवमी के अवसर पर उमड़ी भीड़ ने क्षेत्र में त्योहार की रौनक को और बढ़ा दिया






































































