अनूपपुर में यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 150 से अधिक प्रेशर हॉर्न और 25 से ज्यादा मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त
50 से अधिक बसों पर मोटर यान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई, ध्वनि प्रदूषण रोकने के लिए चलाया विशेष अभियान
अनूपपुर। जिले में ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर अवैध प्रेशर हॉर्न और मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान 150 से अधिक प्रेशर हॉर्न और 25 से ज्यादा मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किए गए। वहीं, 50 से अधिक बसों के विरुद्ध मोटर यान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस की टीम ने यातायात प्रभारी विनोद दुबे और हाईवे चौकी प्रभारी आनंद तिवारी के नेतृत्व में जिले के प्रमुख मार्गों, बस स्टैंड और नेशनल हाईवे पर सघन जांच की। इस दौरान बसों, ट्रकों और दोपहिया वाहनों में नियमों के विपरीत लगाए गए प्रेशर हॉर्न एवं मॉडिफाइड साइलेंसर पाए जाने पर कार्रवाई की गई।
जब्त उपकरणों को प्रदर्शित कर किया जागरूक
कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए प्रेशर हॉर्न और मॉडिफाइड साइलेंसर को यातायात थाना परिसर में प्रदर्शित किया गया। इन पर ‘TRAFFIC APR’ लिखा गया, ताकि आम नागरिकों और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा सके।
यातायात पुलिस ने बताया कि तेज आवाज करने वाले प्रेशर हॉर्न और मॉडिफाइड साइलेंसर ध्वनि प्रदूषण बढ़ाते हैं तथा आमजन को परेशानी पहुंचाते हैं। इनका अवैध इस्तेमाल यातायात नियमों का उल्लंघन है।
नियम तोड़ने वालों पर आगे भी होगी कार्रवाई
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में प्रेशर हॉर्न और नियमों के विपरीत मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल न करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान का उद्देश्य सड़कों पर अनुशासन बनाए रखने के साथ ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करना और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है।





































































