अमरकंटक पहुंचे आईजीएनटीयू के एमएसडब्ल्यू विद्यार्थियों ने पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय का किया शैक्षणिक भ्रमण
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय

अमरकंटक – माँ नर्मदा की पावन उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय (IGNTU) के सामाजिक कार्य विभाग (MSW) के 45 विद्यार्थियों और दो प्राध्यापकों का एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण (Exposure Visit) सफलतापूर्वक संपन्न हुआ ।
इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को विद्यालय की आवासीय शैक्षणिक व्यवस्था , सामुदायिक सहभागिता और सर्वांगीण विकास से जुड़ी गतिविधियों का प्रत्यक्ष अनुभव कराना था ।
प्रमुख बिंदु एवं कार्यक्रम की रूपरेखा
विद्यालय परिसर में सभी का भव्य स्वागत किया प्रात: 8:00 बजे आगंतुकों के आगमन के साथ हुई । विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती अर्चना सिंह पाइक ने अतिथियों का आत्मीय स्वागत करते हुए पुष्पगुच्छ भेंट किए । उन्होंने इस दौरान शिक्षण संस्थानों के बीच आपसी संवाद और अनुभव साझा करने के महत्व पर जोर दिया ।
सराहनीय मंच संचालन
–
विद्यालय के टीजीटी अंग्रेजी शिक्षक सचिन जाटव ने कार्यक्रम का बहुत ही सहज और आकर्षक संचालन किया , जिसकी विश्वविद्यालय के प्राध्यापकों ने विशेष रूप से सराहना की ।
विशेष संवाद सत्र
कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों के साथ एक इंटरैक्टिव सत्र आयोजित किया गया । इसमें सामाजिक जागरूकता , व्यक्तित्व विकास , सामुदायिक जीवन और उच्च शिक्षा के अनुभवों पर खुलकर चर्चा हुई ।
सामुदायिक भोज (Community Lunch) –
कार्यक्रम के अंतिम चरण में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और प्राध्यापकों ने विद्यालय के बच्चों के साथ मेस में सामूहिक भोजन किया , जिससे आपसी सौहार्द और सामाजिक समरसता की भावना को बढ़ावा मिला ।
निष्कर्ष एवं सहभागिता
यह शैक्षणिक भ्रमण एमएसडब्ल्यू (MSW) के विद्यार्थियों के लिए व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करने का एक बेहतरीन माध्यम साबित हुआ । प्राचार्या श्रीमती अर्चना सिंह पाइक के कुशल नेतृत्व और विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. रमेश बी. तथा सुश्री कृष्णा मणि के मार्गदर्शन ने इस आयोजन को अत्यंत सार्थक और प्रेरणादायक बना दिया ।
पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय अमरकंटक भविष्य में भी इस तरह की अनुभवात्मक गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता , अनुशासन और सामाजिक संवेदनशीलता विकसित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है ।






































































