सीसीएल के सतर्कता विभाग ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, कांके में चलाया जागरूकता अभियान, विद्यार्थियों को दिलाई सत्यनिष्ठा की शपथ
ईमानदारी, पारदर्शिता एवं नैतिक नेतृत्व का संदेश देने के साथ परिसर में किया गया पौधरोपण
सतर्कता जागरूकता अभियान-2026 के अंतर्गत सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड के सतर्कता विभाग, मुख्यालय की टीम ने सीसीएल गांधीनगर टीम के सहयोग से कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, कांके का दौरा किया। इस दौरान विद्यार्थियों के बीच ईमानदारी, पारदर्शिता, नैतिक मूल्यों एवं सत्यनिष्ठा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान 82 विद्यार्थियों ने भाषण प्रतियोगिता में भाग लेकर अपने विचार प्रस्तुत किए, जबकि 118 विद्यार्थियों ने प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को जीवन में ईमानदारी अपनाने, सही निर्णय लेने तथा अपने व्यक्तिगत और सामाजिक आचरण में नैतिक मूल्यों को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया गया
इस अवसर पर विद्यालय के सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई गई। शपथ के माध्यम से सभी ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ करने तथा अपने आचरण में उच्च नैतिक मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लिया
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिसर में दो पौधे लगाए गए। पौधरोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सत्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं समृद्धि के मूल्यों को निरंतर विकसित करने का प्रतीकात्मक संदेश दिया गया
सीसीएल द्वारा इस प्रकार की पहल के माध्यम से विद्यार्थियों में नैतिक चेतना विकसित करने तथा समाज में ईमानदारी और पारदर्शिता की संस्कृति को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है। सतर्कता जागरूकता अभियान-2026 के तहत आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को एक जिम्मेदार, जागरूक एवं नैतिक नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करने वाला रहा






































































