नवरात्रि और दशहरा को लेकर अलर्ट मोड में एमसीबी पुलिस, एसपी रत्ना सिंह ने पंडालों और गरबा स्थलों का लिया जायजा

---Advertisement---

नवरात्रि और दशहरा को लेकर अलर्ट मोड में एमसीबी पुलिस, एसपी रत्ना सिंह ने पंडालों और गरबा स्थलों का लिया जायजा

भीड़ प्रबंधन, महिला सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर, पंडाल संचालकों को अग्निशमन यंत्र, उद्घोषणा प्रणाली और स्वयंसेवक तैनात रखने के निर्देश

मनेन्द्रगढ़। नवरात्रि, गरबा उत्सव, दुर्गा प्रतिमा विसर्जन और आगामी दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिये एमसीबी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह (भापुसे) ने मंगलवार को मनेन्द्रगढ़ थाना क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पंडालों और गरबा आयोजन स्थलों का पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मुख्य मार्केट, बस स्टैंड, राम मंदिर, फव्वारा चौक, विवेकानंद चौक सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश दिये

निरीक्षण के दौरान एसपी ने आयोजन स्थलों पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, महिलाओं एवं आम नागरिकों की सुरक्षा, यातायात संचालन और असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने को प्राथमिकता देने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सभी दुर्गा पंडालों और गरबा स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाये ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके और श्रद्धालु निर्बाध रूप से धार्मिक आयोजनों में शामिल हो सकें।

पंडाल संचालकों को सुरक्षा इंतजाम पुख्ता करने के निर्देश

पुलिस अधीक्षक ने पंडाल संचालकों से चर्चा कर आयोजन स्थलों पर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने अग्निशमन यंत्र की उपलब्धता, माइक के माध्यम से जरूरी घोषणाओं की व्यवस्था और स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिये साथ ही भीड़ को व्यवस्थित रखने और आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिये समुचित प्रबंध करने पर भी जोर दिया

दशहरा पर यातायात व्यवस्था रहेगी प्राथमिकता

आगामी दशहरा पर्व पर रावण दहन और अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए एसपी ने यातायात व्यवस्था सुचारू बनाये रखने के निर्देश दिये। आवश्यकतानुसार मार्ग परिवर्तन, संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती और प्रमुख मार्गों पर निगरानी रखने को कहा गया ताकि आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी ना हो।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा, एसडीएम शशि शेखर मिश्रा, सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले सहित राजस्व विभाग, नगर पालिका प्रशासन के अधिकारी और पुलिस कर्मचारी उपस्थित रहे

ऊ

जिला पुलिस एमसीबी ने नागरिकों से नवरात्रि, गरबा, दुर्गा प्रतिमा विसर्जन और दशहरा पर्व को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से जारी दिशा निर्देशों का पालन करने और कानून व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था बनाये रखने में सहयोग करने का आग्रह किया है

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment