मनेन्द्रगढ़ में चोरी के कबाड़ पर पुलिस की कार्यवाही, पिकअप समेत 5 लाख का माल जब्त
खेड़िया तिराहा के पास घेराबंदी कर पकड़ा गया वाहन, तीन टन लोहा कबाड़ बरामद, दस्तावेज नहीं दिखा सका चालक
![]()
मनेन्द्रगढ़। जिले में चोरी की संपत्ति और अवैध कबाड़ के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिये पुलिस की कार्यवाही लगातार जारी है। इसी कड़ी में मनेन्द्रगढ़ कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्यवाही करते हुए चोरी का लोहा कबाड़ ले जा रहे एक पिकअप वाहन को जब्त किया है। वाहन से करीब तीन टन पुराना लोहा कबाड़ बरामद हुआ है। जब्त कबाड़ और पिकअप वाहन की कुल अनुमानित कीमत पांच लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक एमसीबी श्रीमती रत्ना सिंह (आईपीएस) और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिये लगातार गश्त और पेट्रोलिंग की जा रही है। इसी दौरान 11 और 12 अक्टूबर की दरमियानी रात सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले को सूचना मिली कि बैकुंठपुर की ओर से एमपी-65 जीए-2265 नंबर की पिकअप में लोहा कबाड़ लोड कर नेशनल हाईवे 43 के रास्ते मनेन्द्रगढ़ लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और साइबर टीम ने खेड़िया तिराहा के पास पहुंचकर संदिग्ध वाहन की जांच शुरू की। कुछ देर बाद मुखबिर के बताये अनुसार पिकअप वाहन आते दिखाई दिया जिसे पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रोक लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम प्रभु सिंह पिता केवल सिंह उम्र 29 वर्ष निवासी कोड़ा थाना झगराखाण्ड बताया।
वाहन में लोड लोहे के कबाड़ के संबंध में पूछताछ करने पर चालक खरीदी बिक्री से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने वाहन में लोड करीब तीन टन पुराने लोहे के कबाड़ को जब्त कर लिया। कबाड़ की अनुमानित कीमत 70 हजार रुपये और परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन की कीमत करीब 4 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है। इस तरह कुल पांच लाख रुपये का मशरूका जब्त कर आगे की वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस अब जब्त लोहे के वास्तविक मालिक और उसके स्रोत का पता लगाने में जुटी है। मामले में संबंधित व्यक्ति से पूछताछ कर कबाड़ कहां से लाया गया और इसके पीछे किन लोगों की संलिप्तता है इसकी जांच की जा रही है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
सम्पूर्ण कार्यवाही में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले, साइबर सेल के एएसआई राकेश शर्मा, प्रधान आरक्षक राकेश शर्मा, प्रधान आरक्षक जय साहू, आरक्षक आजाद, प्रमोद यादव और राजकुमार तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एमसीबी जिला पुलिस की अपील
एमसीबी जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि चोरी की संपत्ति की खरीद बिक्री अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। चोरी के सामान के कारोबार में संलिप्त पाये जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।







































































