शनवरात्रि मेले एवं दुर्गा उत्सव पर यातायात एडवाइजरी जारी, 19 नवंबर तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
ब्यूरो रिपोर्ट शैलेंद्र जोशी
धार श्री कालिका माता शारदेय नवरात्रि मेले और दुर्गा उत्सव को लेकर यातायात पुलिस, धार ने एडवाइजरी जारी की है। कालिका मंदिर प्रांगण में मेला और शहर में विभिन्न स्थानों पर दुर्गा प्रतिमा स्थापना के चलते श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यह व्यवस्था 19 नवंबर 2026 तक प्रभावी रहेगी।
एडवाइजरी के अनुसार मध्यम एवं भारी वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को राजनंदिनी तिराहा, मतलबपुरा तिराहा, घोड़ा चौपाटी और श्याम ढाबा से निर्धारित डायवर्जन मार्गों पर भेजा जाएगा। मेला क्षेत्र एवं भीड़भाड़ वाले मार्गों पर इनका अनावश्यक प्रवेश नहीं होगा।
कालिका मंदिर एवं मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दोपहिया पार्किंग आम के पेड़ और पाटीदार स्कूल के पास निर्धारित की गई है। मतलबपुरा से नित्यानंद आश्रम, देवीजी मंदिर प्रांगण और पाटीदार स्कूल तक दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। केवल आवश्यक एवं आपातकालीन सेवाओं को परिस्थिति अनुसार प्रवेश मिलेगा। श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़े कर पैदल मंदिर पहुंचने की अपील की गई है।
हटवाड़ा एवं छत्री तिराहा क्षेत्र में मुख्य मार्गों के मिलन स्थल होने से यातायात दबाव को देखते हुए विशेष व्यवस्था की गई है। भीड़ के अनुसार वाहनों को नियंत्रित कर निकाला जाएगा, ताकि जाम न लगे। दुकानदार सड़क पर सामान, ठेले या अनधिकृत पार्किंग कर यातायात बाधित न करें। तिराहे पर वाहन रोकने, बीच सड़क पर खड़ा करने और गलत दिशा में चलने पर प्रतिबंध रहेगा। बैरिकेड्स का पालन अनिवार्य होगा।






































































