खड़गवां में खुलेगा उप पंजीयक कार्यालय, 60 गांवों को मिलेगी स्थानीय स्तर पर रजिस्ट्री की सुविधा
1 दिसंबर 2026 से प्रभावी होगी स्थापना, खड़गवां और चिरमिरी के लोगों को मनेन्द्रगढ़ जाने से मिलेगी राहत
एमसीबी। खड़गवां और चिरमिरी क्षेत्र के लोगों के लिये जमीन और अचल संपत्तियों के पंजीयन से जुड़ी एक महत्वपूर्ण सुविधा मिलने जा रही है। राज्य शासन ने खड़गवां में नवीन उप पंजीयक कार्यालय की स्थापना को मंजूरी देते हुए इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। इस कार्यालय के कार्यक्षेत्र में खड़गवां तहसील के 44 और चिरमिरी तहसील के 16 गांवों को शामिल किया गया है। इस तरह कुल 60 गांवों के लोगों को अपने नजदीकी क्षेत्र में रजिस्ट्री कराने की सुविधा मिलेगी। कार्यालय की स्थापना 1 दिसंबर 2026 से प्रभावी होगी।
इस निर्णय पर स्वास्थ्य मंत्री और क्षेत्रीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि खड़गवां में उप पंजीयक कार्यालय की स्थापना से क्षेत्र के नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। जमीन की खरीद बिक्री और अन्य अचल संपत्तियों के पंजीयन के लिये अब उन्हें मनेन्द्रगढ़ तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे लोगों के समय और आवागमन पर होने वाले खर्च की बचत होगी। मंत्री जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रशासनिक सुविधाओं को आम जनता के करीब पहुंचाने की दिशा में काम कर रही है। खड़गवां में उप पंजीयक कार्यालय की स्थापना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है जिससे ग्रामीणों, किसानों और संपत्ति संबंधी कार्य कराने वाले नागरिकों को स्थानीय स्तर पर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
60 गांवों को मिलेगा सीधा लाभ
नवीन उप पंजीयक कार्यालय के कार्यक्षेत्र में खड़गवां तहसील के खड़गवां, देवाडांड, रतनपुर, छोटे कलुआ, धनपुर, पेंडरी सहित 44 गांव और चिरमिरी तहसील के चिरमिरी, उधनापुर, आमाडांड, भुकभुकी सहित 16 गांव शामिल किये गये हैं। इन गांवों को मनेन्द्रगढ़ उप पंजीयक कार्यालय के कार्यक्षेत्र से अलग कर नवीन खड़गवां पंजीयन उप जिले में शामिल किया गया है। अब तक इन क्षेत्रों के नागरिकों को जमीन और अन्य अचल संपत्तियों के पंजीयन के लिये मनेन्द्रगढ़ जाना पड़ता था। नया कार्यालय शुरू होने के बाद रजिस्ट्री संबंधी कार्यों के लिये दूरी तय करने की परेशानी कम होगी। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों, जमीन खरीदने बेचने वाले लोगों और अन्य नागरिकों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय लोगों ने जताया आभार
खड़गवां में उप पंजीयक कार्यालय की स्थापना के निर्णय का क्षेत्रवासियों ने स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि स्थानीय स्तर पर पंजीयन की सुविधा उपलब्ध होने से रजिस्ट्री की प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक होगी साथ ही समय और यात्रा पर होने वाला अतिरिक्त खर्च भी कम होगा। कार्यालय की स्थापना से खड़गवां और चिरमिरी क्षेत्र में पंजीयन संबंधी प्रशासनिक सेवाओं की पहुंच बढ़ेगी। 1 दिसंबर 2026 से इसके प्रभावी होने के साथ ही संबंधित 60 गांवों के नागरिकों को अपने क्षेत्र के नजदीक रजिस्ट्री सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में नई व्यवस्था शुरू होगी।



































































