सेवा संकल्प अभियान के तहत जमुना बस्ती में पौधारोपण, पौधों के संरक्षण का लिया संकल्प
‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का दिया आदेश

जमुना-कोतमा। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के निर्देशन में विकासखंड अनूपपुर के सेक्टर क्रमांक 04 अंतर्गत स्वास्थ्य केंद्र, जमुना बस्ती में सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फलदार पौधों का रोपण किया गया। साथ ही लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना, प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करना और समाज में हरियाली के महत्व का संदेश प्रसारित करना रहा। कार्यक्रम में नवांकुर संस्था एवं नगर विकास प्रस्फुटन समिति पसान के प्रतिनिधियों, जमुना, भालूमाड़ा एवं परासी की समितियों के सदस्यों, परामर्शदाता शिवानी सिंह, सीएमसीएलडीपी के छात्र-छात्राओं तथा स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय सहभागिता की।
सभी सहभागियों ने पौधारोपण को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम के माध्यम से संदेश दिया गया कि पर्यावरण संरक्षण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा करना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
सेवा, समर्पण और जनसहभागिता के माध्यम से आयोजित इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र में हरित वातावरण विकसित करना तथा लोगों को प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित करना रहा।




































































