16 वर्षीय नाबालिग बालिका को बिजुरी पुलिस ने पेंड्रा से सकुशल किया दस्तयाब, परिजनों को सौंपा
साइबर सेल और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस को मिली सफलता, बेटी के घर लौटने पर परिजनों के चेहरे पर लौटी मुस्कान
बिजुरी। थाना बिजुरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लापता 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को छत्तीसगढ़ के पेंड्रा से सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से बालिका के परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया।
जानकारी के अनुसार कुरजा निवासी फरियादिया ने 4 अक्टूबर 2026 को थाना बिजुरी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 16 वर्षीय पुत्री 3 अक्टूबर को बिना बताए घर से कहीं चली गई है। रिश्तेदारी और आसपास के क्षेत्रों में तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चल सका। परिजनों ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई थी।
फरियादिया की शिकायत पर थाना बिजुरी में अपराध क्रमांक 350/26, धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने बालिका की तलाश शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी बिजुरी निरीक्षक विकास सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने साइबर सेल की सहायता और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बालिका की तलाश तेज की। लगातार किए गए प्रयासों के बाद पुलिस को बालिका के छत्तीसगढ़ के पेंड्रा में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे सकुशल दस्तयाब कर लिया।
आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बालिका को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। लंबे समय बाद बेटी के सकुशल घर लौटने पर परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बिजुरी निरीक्षक विकास सिंह के साथ बृजेश पांडे, रवि सिंह और संगम तोमर की भूमिका उल्लेखनीय रही।



































































