दो साल से लापता युवक शहडोल में मिला, चचाई पुलिस ने मां को सौंपा
गुम इंसान की तलाश में पुलिस की मेहनत रंग लाई, लालपुर से शिवकुमार कोल दस्तयाब
अनूपपुर। चचाई थाना क्षेत्र की देवहरा पुलिस चौकी ने करीब दो वर्ष से लापता युवक को दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की लगातार तलाश और पतासाजी के बाद 25 वर्षीय शिवकुमार कोल को शहडोल जिले के बुढ़ार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लालपुर से सुरक्षित बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार ग्राम दर्रीटोला अमिलिहा निवासी केशबाई कोल ने 18 जुलाई 2024 को चौकी देवहरा में सूचना दी थी कि उनका पुत्र शिवकुमार कोल 18 जुलाई की रात करीब 2:30 से 3 बजे के बीच बिना किसी को बताए घर से कहीं चला गया है। सूचना पर चौकी देवहरा में कार्रवाई करते हुए थाना चचाई में गुम इंसान क्रमांक 18/2024 पंजीबद्ध कर मामले को जांच में लिया गया।
गुमशुदा युवक की तलाश के दौरान पुलिस द्वारा लगातार संभावित स्थानों पर पतासाजी की जा रही थी। करीब दो वर्ष बाद 2 अक्टूबर 2026 को पुलिस टीम को शिवकुमार कोल के ग्राम लालपुर, थाना बुढ़ार, जिला शहडोल में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे सुरक्षित दस्तयाब किया।
दस्तयाब किए गए शिवकुमार कोल की पहचान एवं आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे उसकी मां केशबाई कोल के सुपुर्द कर दिया गया। लंबे समय से लापता पुत्र के मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी देवहरा उपनिरीक्षक रंगनाथ मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम द्वारा गुमशुदा व्यक्ति की लगातार तलाश और पतासाजी करते हुए उसे सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाया गया।







































































