एनसीएल कृष्णशिला परियोजना में अंतरक्षेत्रीय शतरंज प्रतियोगिता 2026-27 हुई सम्पन्न
नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) की कृष्णशिला परियोजना में गत गुरुवार को तीन दिवसीय अंतर क्षेत्रीय शतरंज प्रतियोगिता 2026-27 सम्पन्न हुई | यह प्रतियोगिता टीम चैंपियनशिप एवं एकल श्रेणियों में खेली गयी जिसमें एनसीएल की सभी परियोजना एवं इकाइयों से 13 टीमों के कुल 61 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में महाप्रबंधक (मानव संसाधन/कल्याण), एनसीएल श्री राजेश त्रिवेदी, कंपनी जेसीसी सदस्य बीएमएस से श्री अशोक मिश्रा, एचएमएस से श्री बी. एन. सिंह, परियोजना अधिकारी (कृष्णशिला), श्री समुद्र गुप्त, परियोजना के विभागाध्यक्ष, एनसीएल स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड के सदस्य, श्रमिक संघ के प्रतिनिधि तथा अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे |
इस दौरान अपने उद्बोधन में श्री राजेश त्रिवेदी ने विजेता खिलाड़ियों को जीत के लिए बधाई दी एवं शतरंज को पूर्व-नियोजन, सतत परिश्रम तथा त्वरित निर्णय लेने जैसी योग्यताओं का समावेश करने वाले खेल के रूप में रेखांकित किया, जिससे खिलाड़ियों में रणनीतिक दृष्टिकोण, सुदृढ़ निर्णय क्षमता और रचनात्मकता का संवर्धन होता है।
टीम चैम्पियनशिप में टीम रही जयंत विजेता एवं निगाही टीम बनी उपविजेता
अंतर क्षेत्रीय शतरंज प्रतियोगिता 2026-27 में टीम चैंपियनशिप में जयंत परियोजना की टीम ने विजेता खिताब अपने नाम किया एवं निगाही परियोजना की टीम उपविजेता बनी। इसके साथ ही एकल प्रतिस्पर्धा में निगाही से श्री अंकित गुप्ता पहले स्थान पर एवं जयंत से श्री कुलश्रेष्ठ दूसरे स्थान पर, जयंत से श्री उपेंद्र पांडेय तीसरे स्थान पर, दूधीचुआ से श्री श्रवण सिंह चौथे स्थान पर तथा मुख्यालय से श्री प्रदीप पटेल पांचवें स्थान पर रहे।
गौरतलब है कि एनसीएल में वर्ष भर क्रिकेट, लॉन टेनिस, बैडमिंटन, फुटबॉल, कैरम, शतरंज, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स सहित अन्य खेलों में अनेक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है जिससे कर्मियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य में बेहतरी के साथ ही उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास हो सके




































































