सेवा संकल्प अभियान के तहत सलकनपुर सेक्टर में आंगन मिलन कार्यक्रम, नारी शक्ति का किया सम्मान
धार/ तिरला। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ब्लॉक तिरला के सेक्टर सलकनपुर में भव्य आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री रामविलास भदौरिया के मार्गदर्शन में एवं परियोजना अधिकारी श्री सत्यनारायण मकवाना के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ, जिसमें नारी शक्ति के सम्मान के साथ-साथ पोषण जागरूकता का संदेश दिया गया।
राष्ट्रीय पोषण माह के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में सेक्टर की सभी 33 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष एवं सचिवों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान पोषण पोस्टर एवं टीएलएम प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें कार्यकर्ताओं ने अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया। प्रतियोगिता में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मनीषा भूरिया ने अनाज एवं विभिन्न प्रकार की दालों से आकर्षक एवं शिक्षाप्रद टीएलएम तैयार कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं द्वितीय स्थान पर अनीता ठाकुर एवं तृतीय स्थान पर ममता चौहान रहीं, जिन्हें पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पंच श्रीमती अंजू सोलंकी रहीं। कार्यक्रम में पर्यवेक्षक श्रीमती राखी देवड़ा एवं मुख्य अतिथि अंजू सोलंकी द्वारा उपस्थित सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, आशा कार्यकर्ता, समूह अध्यक्ष एवं सचिव का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत व सम्मान किया गया। उनके द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की गई।
बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आंगनवाड़ी के 3 से 6 वर्ष के बच्चों को पौष्टिक भोजन के रूप में खीर, पूरी, सब्जी परोसी गई और फल वितरित किए गए। बच्चों में काफी उत्साह देखा गया। कार्यक्रम के अंत में पर्यवेक्षक श्रीमती राखी देवड़ा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हैं और पोषण अभियान को जन-जन तक पहुंचाते हैं।


































































