अनूपपुर 29 सितंबर 2026/ कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित नर्मदा सभागार में मंगलवार को जिला स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की गई। कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आवेदकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में प्राप्त 58 आवेदनों पर सुनवाई करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार त्वरित एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आवेदकों ने अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। उपस्थित विभागीय अधिकारियों ने भी आवेदकों से उनकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित प्रकरणों में आवश्यक कार्यवाही की। कलेक्टर ने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर गंभीरता से कार्यवाही करते हुए पात्रतानुसार निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में ग्राम भोलगढ़, तहसील अनूपपुर निवासी संतोष पटेल ने बीपीएल सूची में नाम जुड़वाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। इसी प्रकार ग्राम कटकोना, तहसील कोतमा निवासी रामलाल कोल ने आर्थिक सहायता दिलाए जाने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाए जाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। ग्राम वेंकटनगर के ग्रामीण प्रार्थियों ने उनके पूर्वजों के नाम दर्ज संपूर्ण आबादी भूमि का ड्रोन सर्वे कराकर स्वामित्व योजना के अंतर्गत पट्टा दिलाए जाने की मांग की। इसी प्रकार ग्राम पंचायत खजूरवार, तहसील पुष्पराजगढ़ के निवासियों ने ग्राम पंचायत क्षेत्र में सड़क निर्माण कराए जाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया।
जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी, अपर कलेक्टर श्री बलबीर रमन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


































































