अमलाई कॉलरी स्टेडियम में विद्यालयीन खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन

अनूपपुर, 22 सितंबर। जिले में विद्यालयीन खेल प्रतियोगिताओं के अंतर्गत विभिन्न खेलों का आयोजन अमलाई कोलियरी स्टेडियम में किया जा रहा है। 21 सितंबर को शिक्षा विभाग की संभाग स्तरीय एवं जनजातीय कार्य विभाग की जिला स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गई। वहीं आज 22 सितंबर को जिला स्तरीय एथलेटिक्स चयन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों के 14, 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाओं ने भाग लिया।
एथलेटिक्स प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी आगामी 24 सितंबर को आयोजित होने वाली संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन सहायक आयुक्त सुश्री सरिता नायक एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री टी. आर. आर्मो के मार्गदर्शन तथा जिला क्रीड़ा प्रभारी श्री शेख खलील कुरैशी की निगरानी में किया जा रहा है।
प्रतियोगिताओं के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए जिले के विभिन्न विद्यालयों के खेल शिक्षकों एवं प्रभारियों की नियुक्ति की जा रही है, ताकि खिलाड़ियों का निष्पक्ष एवं पारदर्शी चयन सुनिश्चित किया जा सके। प्रतियोगिताओं में जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
इसी क्रम में 23 सितंबर को जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं की जिला स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन अमलाई कॉलरी स्टेडियम में किया जाएगा।


































































